पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की हत्या कर श्मशान में दफनाया शव, एक सप्ताह बाद ऐसे खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद : जिले से डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां शोभा थाना क्षेत्र के गरीबा गांव में दोहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ. पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की हत्या कर उनके शवों को श्मशान घाट में दफना दिया गया था.

शोभा थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने राजाराम नेताम और उनकी पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से दोनों शवों को चुपचाप गांव के श्मशान घाट में दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लग सके.

कैसे हुआ खुलासा?

वारदात का खुलासा तब हुआ जब गांव में एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे ग्रामीणों को वहां ताजा खुदाई और दफनाए गए स्थल पर संदेह हुआ.

ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी. सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

खुदाई करने पर वहां से एक दंपती के शव बरामद हुए. मृतकों की पहचान राजाराम और आशो बाई के रूप में हुई है, जो पिछले एक सप्ताह से लापता थे.

पुलिस ने बताया कि दोनों के शवों को एक ही बोरे में लपेटकर दफनाया गया था. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है.

तीन आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी पवन वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

फिलहाल दोनों शवों का पंचनामा बनाकर शोभा थाना लाया गया है. शवों के अवशेषों को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक लैब रायपुर भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले से जुड़े और अहम तथ्य सामने आ सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds