रायपुर. राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से बादल गरजने के साथ बारिश हो रही है. टर्फ और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला है. रायपुर में काले बादल छा चुके हैं और मानसून जैसी बारिश हो रही है. इसके अलावा बलौदा बाजार, महासमुंद, धमतरी और रायगढ़ में तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
रायपुर में गरजे बादल, हुई झमाझम बारिश
रायपुर में सुबह से मौसम बिगड़ गया. लगभग 8 बजे के बाद आसमान में काले बादल छाए और बारिश का सिलसिला शुरू हुआ. बादल गरजने के साथ बारिश होने लगी. ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
आंधी-बरिश का असर, पेड़ धराशाई
बलौदा बाजार में मौसम ने करवट ली. बीती देर रात आए आंधी तूफान में जिला मुख्यालय में कई जगह बड़े पेड़ बीच सड़क पर धराशाई हो गए. इससे आवागमन बाधित हो गया. आज सुबह दुकान दफ्तर पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं नगरपालिका की एक टीम रास्ता क्लियर करने में लगी हुई है. वहीं बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है.
महासमुंद जिले में देर रात से शुरू हुई आंधी-तूफान के बाद बिजली व्यवस्था चरमरा गई. वहीं सुबह से गरज-चमक के साथ पिथोरा में तेज बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. बारिश के चलते गांवों की गलियां पानी-पानी हो गईं. इधर रायगढ़ में भी रायपुर के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है.
सुबह से बादल छाए रहने के बाद गरज-चमक के साथ बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया. वहीं धमतरी में भी मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई. इसके अलावा बिलासपुर में सुबह अंधड़-बारिश हुई, जिससे बिजली व्यवस्ता ठप है.