गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान में गूंजी किलकारियां: बाघिन ने दो शावकों को दिया जन्म, गांव के लड़के ने खींचीं तस्वीरें

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ को कोरिया जिले के गुरुघासीदास राष्ट्रीय उद्यान और सोनहत वन परिक्षेत्र की सीमा से सटे क्षेत्र में पिछले दिनों बाघिन ने दो शावकों को जन्म दिया। इससे वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग में उत्साह की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार, भलुवार गांव निवासी एक ग्रामीण जब अपने खेत से लौट रहा था, तभी उसकी नजर अचानक दो नन्हें बाघ शावकों पर पड़ी। ग्रामीण ने तुरंत उसकी तस्वीर ली और यह जानकारी स्थानीय युवक संदीप सिंह तक पहुंचाई, जिसने यह सूचना वन विभाग को दी। इसके बाद वन अमले ने मौके की निगरानी प्रक्रिया शुरू की। टीम क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और शावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।

सोशल मीडिया में वायरल हुई तस्वीरें:

वहीं रेंज ऑफिसर अजीत कुमार ने बताया कि, 26 मई को भालुवार गांव का एक लड़का जंगल की तरफ गया था। इस दौरान उसकी नजर दो शावकों पर पड़ी। उसने डर के कारण किसी को तुरंत जानकारी नहीं दी लेकिन 30 मई को शावक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

मौके का निरीक्षण करने पहुंचे रेंज ऑफिसर:

सूचना मिलते ही रेंज ऑफिसर अजीत कुमार अपनी टीम और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थल निरीक्षण के बाद पुष्टि हुई कि, बाघिन ने वहां शावकों को जन्म दिया है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि, बाघिन अब पार्क क्षेत्र की ओर चली गई है, जिससे शावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds