आरंग,भिलाई : दीपावली के त्योहार की खुशियां मनाने की तैयारियों के बीच ग्राम भिलाई में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। जिस गांव में दीपावली को लेकर उत्साह और रौनक होनी थी, वहां सुबह-सुबह हुए भीषण हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। भारतमाला परियोजना में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार ने एक और जिंदगी छीन ली। आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिलाई में सुबह नहाने के लिए निकले 35 वर्षीय युवक मनोज धीवर को तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपावली जैसे पर्व से ठीक पहले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल निर्मित हो गया दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि ग्रामीणों और पुलिस की मदद से ग्राम तामासिवनी के पास घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया गया।
शव सड़क पर रख ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को मुख्य मार्ग के बीचों-बीच रखकर सुबह 7 बजे से चक्काजाम शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों का कहना है कि भारतमाला परियोजना में लगे भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और सड़कों की बदहाल स्थिति लगातार हादसों को न्योता दे रही है।
प्रदर्शनकारी ग्रामीण मृतक के परिवार को तत्काल राहत राशि एवं उचित मुआवजा देने, हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा भारी वाहनों की आवाजाही से क्षेत्र की सड़कों पर बने जानलेवा गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रशासन मौके पर, समझाइश जारी
चक्काजाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं।