बालोद दौरे पर राज्यपाल रमेन डेका: केंद्र के योजनाओं की समीक्षा, महिला समूहों से किया संवाद

बालोद। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका शुक्रवार को बालोद जिले के तांदुला इको रिसोर्ट पहुंचे। उनका स्वागत तांदुला हेलीपैड पर कलेक्टर दिव्या मिश्रा और एसपी योगेश पटेल ने किया। यह दौरा विशेष रूप से केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और हितग्राहियों से सीधा संवाद करने के उद्देश्य से किया गया।

राज्यपाल ने इको रिसोर्ट में स्व सहायता महिला समूहों की लखपति दीदियों से मुलाकात की और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

राज्यपाल डेका का जिलों में दौरा:

बालोद आने से पहले राज्यपाल को नारायणपुर जिले में समीक्षा बैठक लेकर बीजापुर जाना था, लेकिन मौसम ख़राब होने के कारण वे समय से पहले ही बालोद पहुंच गए। उन्होंने शुक्रवार की रात बालोद में विश्राम किया और शनिवार सुबह सड़क मार्ग से मोहला जिले के लिए रवाना हुए।

राज्यपाल का मीडिया से संवाद:

मीडिया से बातचीत में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि, वे हर जिले में जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार अच्छा कार्य कर रही है। नक्सली समस्या धीरे-धीरे समाप्त हो रही है, जिससे विकास की गति और तेज होगी।

ये रहे मौजूद:

राज्यपाल ने बालोद जिले के प्रशासनिक कार्यों की भी सराहना की और कहा कि, जिले में योजनाओं का बेहतर कार्य हो रहा है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एएसपी मोनिका ठाकुर सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds