सुशासन तिहार बना जनविश्वास का उत्सव : सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम : विधायक कौशिक
धरदेई में घोषणाओं के साथ विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार जनविश्वास का उत्सव बन गया है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम धरदेई में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजनों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री कौशिक ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। समाधान शिविर के माध्यम से आमजनों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित हैं, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन, आवास, ऋण पुस्तिका, नामांतरण एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया। इस अवसर पर विधायक श्री कौशिक ने धरदेई में प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपए, सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 12 लाख रुपए तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। साथ ही मुक्तिधाम परिसर एवं प्रतीक्षालय, आंगनबाड़ी भवन, व्यावसायिक परिसर भवन तथा सीसी रोड का लोकार्पण भी किया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संबोधन में शिक्षा को विकास की सबसे मजबूत नींव बताते हुए कहा कि जिले ने शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष के भीतर जिले ने परीक्षा परिणामों में प्रदेश स्तर पर बड़ी छलांग लगाई है, जो शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाला समय ज्ञान, तकनीक और शिक्षा का है। यदि माता-पिता बच्चों की पढ़ाई में रुचि लेंगे और नियमित संवाद बनाए रखेंगे तो बच्चे बड़ी सफलताएं हासिल कर सकेंगे। उन्होंने बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति श्रीमती अम्बालिका साहू, श्रीमती अनिला देवेन्द्र राजपूत, पथरिया जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चित्ररेखा जांगड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
हितग्राहियों को सामग्री एवं चेक का वितरण
शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री वितरण का लाभान्वित किया गया, इनमें सहकारिता विभाग के अंतर्गत 25 हितग्राहियों को केसीसी चेक, 16 हितग्राहियों को श्रमिक पंजीयन कार्ड, समाज कल्याण विभाग अंतर्गत आठ हितग्राहियों को छड़ी एवं एक हितग्राही को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, आजीविका मिशन के अंतर्गत 80 हितग्राहियों को चक्रीय निधि राशि, सामुदायिक निवेश कोष, लखपति दीदी प्रमाण पत्र, 10वीं और 12वीं में प्रवीण्य सूची में आने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, खाद्य विभाग के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आठ हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, कृषि विभाग के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को अरहर मिनी किट, मत्स्य पालन विभाग अंतर्गत दो हितग्राहियों को महाजाल एवं आइस बॉक्स प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
समाधान शिविर सतनाम भवन मुंगेली में 10 जून को
सुशासन तिहार अंतर्गत सतनाम भवन मुंगेली में 10 जून को समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में नगर पालिका मुंगेली अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16,17,18,19,22 को शामिल किया गया है। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी और हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।