’सुशासन तिहार : शिवरीनारायण एवं बंसुला में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आमजन को मिला त्वरित समाधान’

’विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से दी गई योजनाओं की जानकारी, पात्र हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित’

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जांजगीर-चांपा जिले के नगर पंचायत शिवरीनारायण के सत्संग भवन तथा जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बंसुला स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में शिविर आयोजित किया गया।

नगर पंचायत शिवरीनारायण में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के नागरिकों ने भाग लिया। वहीं बंसुला क्लस्टर अंतर्गत 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत कीं। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान मछुआरों को जाल, किसानों को किसान किताब, पात्र हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा-खसरा, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, चेक एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हुए आवासों की चाबियां भी हितग्राहियों को सौंपी गईं।

स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत बंसुला में आयोजित शिविर में कुल 1171 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1108 मांग एवं 63 शिकायतें शामिल हैं।

शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान करना है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा चौहान, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

’20 मई को ग्राम पंचायत अमोरा में लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर’

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 20 मई को जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत अमोरा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस क्लस्टर में अमोरा सहित कुल 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds