लॉगिन

लंदन ओलंपिक-पैरालंपिक स्वर्ण विजेताओं की याद दिला रहे सुनहरे पोस्ट बॉक्स, धरोहर बने

Sports March 1, 2023 रिपोर्टर: shailesh
लंदन ओलंपिक-पैरालंपिक स्वर्ण विजेताओं की याद दिला रहे सुनहरे पोस्ट बॉक्स, धरोहर बने

लंदन ओलंपिक-पैरालंपिक स्वर्ण विजेताओं की याद दिला रहे सुनहरे पोस्ट बॉक्स, धरोहर बने

लन्दन: स्ट्रेटफोर्ड अपॉन एवन की एक-एक सड़क, गली, दीवारें और यहां तक आवो-हवा महान विलियम शेक्सपियर के रंग में रंगीं हैं। आखिर यह शहर शेक्सपियर की जन्मस्थली जो है, लेकिन शहर की ब्रिज स्ट्रीट पर सुनहरे रंग से रंगे दो पोस्ट बॉक्स, सैलानियों का ध्यान अपनी ओर खींचते हैं। भारत की तरह इंग्लैंड की रॉयल मेल पोस्ट बॉक्स का आधिकारिक रंग लाल है, लेकिन इनका रंग सुनहरा है।

2012 के लंदन पैरालंपिक में रोइंग का मिक्स कॉक्स्ड-4 का स्वर्ण पदक जीतने वाले जेम्स रो के लिए इस पोस्ट बॉक्स को सुनहरे रंग में रंगकर उन्हें इसे समर्पित किया गया है। सिर्फ रो ही नहीं लंदन ओलंपिक, पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले टेनिस स्टार एंडी मरे, साइकलिस्ट क्रिस होए, एथलीट सर मो फराह, मुक्केबाज निकोला एडम्स समेत 111 पोस्ट बॉक्स इन विजेताओं के घरेलू शहरों में सुनहरे रंगों में रंगे गए हैं। 10 साल बाद ये पोस्ट बॉक्स अब इंग्लैंड के लिए धरोहर बन गए हैं।

सुनहरे पोस्टबॉक्स ने ओलंपिक चैंपियनों को अमर किया

इस शहर में जो भी आता है वह शेक्सपियर की बातें करता है, लेकिन इस सुनहरे पोस्ट बॉक्स ने जेम्स रो को अमर कर दिया है। टूरिस्ट गाइड चार्ली बताते हैं कि यहां आने वालों को हम अगर शेक्सपियर के बारे में बताते हैं तो इस सुनहरे पोस्टबॉक्स के बारे में जरूर बताते हैं। पोस्टबाक्स पर जेम्स रो का नाम और लंदन पैरालंपिक में उनकी उपलब्धियां लिखी हुई हैं।

एंडी मरे का विंबलडन में है सुनहरा पोस्टबॉक्स

24 जुलाई 2012 को सबसे पहला सुनहरा पोस्टबॉक्स लंदन की ऐतिहासिक चर्च वेस्टमिंस्टर एबी में स्थापित किया गया। लंदन ओलंपिक में रोजर फेडरर को विंबलडन में हराकर स्वर्ण जीतने वाले एंडी मरे ने अपने नाम का एक पोस्टबॉक्स विंबलडन में स्थापित कराया है और दूसरा अपने स्कॉटलैंड स्थित शहर डनब्लेन में स्थापित कराया है। ये पोस्टबॉक्स इतने प्रचलित हैं कि लोग इनका पेंट उखाड़कर याद के रूप में अपने पास रख लेते हैं। मरे के पोस्टबॉक्स के साथ ऐसा कई बार हुआ है, लेकिन रॉयल मेल बॉक्स इसे फिर से नए रूप में ले आती है। मरे ने लंदन में दो स्वर्ण जीते थे।

चार स्वर्ण जीतने वाले वियर, स्टोरी के नाम चार पोस्टबॉक्स

5000 और 10 हजार मीटर का लंदन में स्वर्ण जीतने वाले सर मो फराह के नाम पर भी लंदन में दो पोस्ट बॉक्स हैं। सर्वाधिक 4-4 पोस्ट बॉक्स एथलेटिक्स में चार स्वर्ण जीतने वाले डेविड वियर और पैरा साइकलिस्ट साराह स्टोरी के नाम पर हैं। एक पोस्टबॉक्स को सुनहरा रंग पूर्वी लंदन स्थित ओलंपिक खेल गांव स्ट्रेटफोर्ड को भी दिया गया है।

हमेशा रंगे रहेंगे सुनहरे रंग में

ब्रिटेन विजिट की अधिकारी राधिका शाह बताती हैं कि ये पोस्टबॉक्स पूरे इंग्लैंड में गौरव का विषय हैं। इन्हें लोग देखने आते हैं। इनका यहां खूब उपयोग भी होता है। इनकी देखभाल भी खूब की जाती है, आखिर ये अब धरोहर बन गए हैं। पहले इन्हें इनके वास्तिविक रंग लाल में लाने की योजना थी, लेकिन इसे वापस लेकर इन्हें हमेशा के लिए सुनहरा रंग दे दिया गया।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds