लॉगिन

संसद में भड़के स्पीकर- कहा, आपने इतने साल देश पर राज किया है…..

National February 6, 2023 रिपोर्टर: shailesh
संसद में भड़के स्पीकर- कहा, आपने इतने साल देश पर राज किया है…..

संसद में भड़के स्पीकर- कहा, आपने इतने साल देश पर राज किया है…..

नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी समेत पूरा विपक्ष आज भी अडानी के मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर है। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। स्पीकर ने भूटान से आए मेहमानों का परिचय कराया और उसके बाद प्रश्नकाल शुरू कराना चाहा लेकिन हंगामा बढ़ गया। आज स्पीकर ने कांग्रेस को भी सुना दिया। सख्त लहजे में ओम बिरला ने कहा कि आपने (कांग्रेस) इतने साल देश पर राज किया है, संसद में नारेबाजी गरिमा के अनुरूप नहीं है।उधर, 10 मिनट के भीतर ही उच्च सदन यानी राज्यसभा की कार्यवाही भी 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी दल संसद से सड़क तक सरकार को घेरने का प्लान बना चुके हैं। आज कांग्रेस पार्टी पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। संसद में भी आज टकराव की स्थिति बनी रही। RJD सांसद मनोज झा ने कहा है कि लोग चिंतित हैं लेकिन सरकार अडानी के मुद्दे पर बोलने से बच रही है। अडानी दावा कर रहे हैं कि यह देश पर एक हमला है, लेकिन कैसे? उन्होंने कहा कि हम इस मामले में जेपीसी जांच चाहते हैं।

भड़के स्पीकर कहा, थोड़ी गरिमा बनाए रखिए…

भूटान के मेहमानों का परिचय कराने के फौरन बाद शोर सुन स्पीकर ने सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि माननीय सदस्य गण थोड़ा संसद की गरिमा बनाए रखिए। यह संसद है। इसके बाद उन्होंने प्रश्नकाल की घोषणा कर दी। शोर तेज होने लगा… सदस्यों को देख स्पीकर नाराज हो गए। उन्होंने सदस्यों से अपनी सीट पर लौटने के लिए कहा। एक सदस्य ने कहा, सर हाउस ऑर्डर में नहीं है। ओम बिरला ने कहा, ‘माननीय सदस्य, आप प्रश्न पूछना चाहते हैं, आप विराजें।’ नारे लगाए जाने शुरू हो गए। शेम-शेम के नारे लगने लगे।

शोरगुल के बीच स्पीकर ने नसीहत देते हुए कहा, ‘माननीय सदस्यगण आज का दिन महत्वपूर्ण है। आज देश के मजदूरों से संबंधित प्रश्न है। आप प्रश्न पूछें, माननीय मंत्री जी जवाब देने के लिए तैयार हैं। यह संसद देश की दिशा तय करता है, चर्चा और संवाद के लिए है। आपको चर्चा करनी है तो बातचीत करें।’ स्पीकर ने सख्त लहजे में कहा कि बिना बातचीत केवल नियोजित तरीके से सदन को स्थगित कराना उचित नहीं है।

आप आएं, आपका जो भी विषय है, मेरे चेंबर में आएं। मैं हर मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए तैयार हूं। इस दौरान वेल में आए सांसद अडानी का नाम लेकर नारे लगाते रहे। बिरला ने कहा कि आप लोगों को केवल नारेबाजी करने के लिए जनता ने सदन में भेजा है। देश की जनता आपको देख रही है। बुनियादी सवालों की चर्चा करो। ‘मोदी सरकार होश में आओ’ के भी नारे सदन में गूंजे। उन्होंने कहा कि नारेबाजी करना भारत की संसद के मर्यादा के अनुरूप नहीं है। आपने काफी वर्षों तक राज किया है। इतनी पुरानी पार्टी हैं आप।

हाथ जोड़ खड़े हो गए भूटान से आए मेहमान

इससे पहले, स्पीकर ओम बिरला ने जैसे ही सदन में प्रवेश किया, सांसद जयश्री राम के नारे लगाने लगे। बिरला ने बताया कि आज संसद में भूटान के संसदीय शिष्टमंडल के सदस्य विराजमान हैं। मैं अपनी ओर से सदन की ओर से सभी माननीय सदस्यों की ओर से उनकी भारत यात्रा पर स्वागत-अभिनंदन करता हूं। शिष्टमंडल के सदस्य मुंबई और औरंगाबाद की यात्रा भी करेंगे। जिस समय स्पीकर परिचय करा रहे थे, भूटान से आए मेहमान हाथ जोड़कर खड़े हो गए।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds