ज्वैलरी दुकान में घुसे चार दरिंदे, दुकानदार को जमीन पर पटका, महिला के बाल पकड़कर घसीटा

जांजगीर-चांपा : जिले से दिनदहाड़े चोरी और मारपीट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रहौद क्षेत्र में एक ज्वैलरी दुकान को चार युवकों ने निशाना बनाया। घटना 19 मार्च की सुबह करीब 7 बजकर 58 मिनट की बताई जा रही है, जो दुकान और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों मे कैद हो गई है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चारों युवक गेट के रास्ते दुकान में घुसते हैं। दुकान खाली होने का फायदा उठाकर एक युवक चार्जिंग में लगा मोबाइल फोन उठा लेता है। इसी दौरान दुकान संचालक सुदीप गुप्ता घर से दुकान की ओर जा रहे थे, तभी सीढ़ी के पास खड़े युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और जमकर मारपीट की।

घटना यहीं नहीं रुकी, आरोपियों ने घर के अंदर मौजूद महिला के साथ भी बर्बरता की। एक युवक महिला के बाल खींचते हुए और थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। महिला दया की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी लगातार मारपीट करते रहे और उसे कमरे में ले जाते नजर आए।

दुकान के अंदर लगे दूसरे सीसीटीवी में दिखता है कि आरोपियों ने सुदीप गुप्ता को जमीन पर पटककर पीटा और करीब 3 मिनट के अंदर पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद शिवरीनारायण थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds