चार बच्चों को मिलेगा राज्य वीरता पुरस्कार, रायपुर के प्रेमचंद साहू तो दुर्ग के ओम उपाध्याय चयनित

रायपुर : छत्तीसगढ़ के चार बच्चों को राज्य वीरता पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार के लिए नामांकित बच्चों की सूची जारी कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार सरगुजा के अरनव सिंह को राज्य वीरता पुरस्कार मिलेगा। जो कि आगे से लोगों को बचाकर वीरता का परिचय दिया था।
बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अटल नगर नवा रायपुर में राज्य वीरता पुरस्कार वर्ष 2023-24 के लिए पात्र बालक-बालिकाओं के चयन के लिए गठित जूरी (निर्णायक मंडल) की बैठक ली। इस अवसर पर प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, एआइजी एमएल कोटवानी, महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक तुलिका प्रजापति उपस्थित थीं।
इसलिए मिला पुरस्कार
अरनव ने आग से बचाया: 16 वर्षीय मास्टर अरनव सिंह कक्षा 11 में अध्ययनरत हैं। उन्होंने डंपिंग यार्ड में लगी भीषण आग से सो रहे तीन व्यक्तियों और चौकीदार को जगाकर बचाने का साहसिक कार्य किया है।
ओम ने कुत्तों के काटने से बचाया : 16 वर्षीय मास्टर ओम उपाध्याय कक्षा 10वीं में अध्ययनरत हैं। उन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए कुत्ते से लड़ते हुए बच्चों को बचाया है।
प्रेमचंद्र और लोकेश ने डूबने से बचाया: नौ वर्षीय मास्टर प्रेमचंद साहू कक्षा चौथी में अध्ययनरत हैं और 13 वर्षीय लोकेश कुमार साहू कक्षा 7वीं में अध्ययनरत हैं, उन्होंने चंपारण में पानी में डूबते हुए बच्चे को बचाने का साहसिक कार्य किया है।