लॉगिन

वन विभाग का बड़ा छापा : 103 नग सागौन लकड़ी जब्त, दो लोगों पर केस दर्ज

Chhattisgarh April 16, 2026 रिपोर्टर: shailesh
वन विभाग का बड़ा छापा : 103 नग सागौन लकड़ी जब्त, दो लोगों पर केस दर्ज

वन विभाग का बड़ा छापा : 103 नग सागौन लकड़ी जब्त, दो लोगों पर केस दर्ज

गरियाबंद : वन विभाग ने देवभोग क्षेत्र में अवैध लकड़ी भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सागौन (टीक) की लकड़ी जब्त की है। यह कार्रवाई मुख्य वनसंरक्षक रायपुर वृत्त के निर्देश पर एवं वनमंडलाधिकारी गरियाबंद के मार्गदर्शन में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार उप वनमंडलाधिकारी देवभोग द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर वन परिक्षेत्र इंदागांव अंतर्गत ग्राम सरगीगुड़ा में दो अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई में रक्षानंद ठाकुर के घर एवं बाड़ी की तलाशी ली गई, जहां से 60 नग सागौन चिरान (0.354 घन मीटर) तथा 17 नग सागौन लट्ठा (0.608 घन मीटर) अवैध रूप से रखा हुआ पाया गया। वन विभाग ने उक्त लकड़ी को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया। दूसरी कार्रवाई में जयनंद ठाकुर के घर एवं बाड़ी की तलाशी के दौरान 20 नग सागौन चिरान (0.046 घन मीटर) तथा 13 नग सागौन लट्ठा (0.585 घन मीटर) अवैध रूप से संग्रहित पाए गए, जिसे जब्त कर पृथक वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

वन विभाग के अनुसार दोनों मामलों में कुल 103 नग सागौन लकड़ी (1.593 घन मीटर) जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 54 हजार 994 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदागांव श्री अश्वनीदास मुरचुलिया के नेतृत्व में विभागीय स्टाफ एवं सुरक्षा श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने बताया कि अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds