बस्तर में मूसलाधार बारिश से आई बाढ़ : कार के डूबने से 2 बच्चो सहित 4 की मौत, सभी रहने वाले तमिलनाडु के

सुकमा/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। इसी बीच सुकमा जिले में एनएच- 30 पर दरभा के पास मंगलवार को एक कार डूब गई थी। जिसमें सवार चार लोग पानी में बह गए थे। वहीं ड्राइवर तैरकर बाहर आ गया था लेकिन कार सवार अन्य दो बच्चों समेत चार की मौत हो गई है। सभी लोग तमिलनाडु के रहने वाले थे।

दरअसल, बस्तर में पिछले 18 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन चुकी है। मूसलाधार बारिश की वजह से बस्तर में नदी नाले ऊफान पर है। लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के मांदर गांव में अचानक बारिश के पानी ने विकराल  रूप ले लिया। बड़े बहार नाले का जल स्तर इतना बड़ा की मांदर गांव के कई घर पानी में डूब गए हैं। अचानक आई बाढ़ ने लोगों को घरों से निकलने का मौका भी नहीं दिया।

रेस्क्यू अभियान में जुटी एसडीआरऍफ़

बाढ़ में लोगों के फंसे होने की जानकारी लगते ही मौके पर स्थानीय पुलिस, राजस्व विभाग की टीम पहुंची। प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने भी मोर्चा संभाला हुआ है, लेकिन लगातार हो रही बारिश की वजह से एसडीआरऍफ़ की टीम को रेस्क्यू अभियान शुरू करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सांसद कश्यप ने बाढ़ ग्रस्त गांवों का किया दौरा

वहीं बस्तर सांसद महेश कश्यप भी बाढ़ ग्रस्त गांवों का दौरा करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि, बस्तर में मूसलाधार बारिश और बाढ़ की स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को दी गई है। बाढ़ ग्रस्त गांवों में मदद पहुंचाने का भरसक प्रयास किया जा रहा है।

सीएम साय ने ली जानकारी

प्रदेश के सीएम विष्णुदेव साय ने संभाग के आला- अफसरों से वहां के स्थिति के संबंध में जानकारी ली है। बस्तर में बाढ़ की स्थिति को लेकर सीएम साय का एक ट्वीट भी सामने आया है। बस्तर में बाढ़ की जानकारी मिलने पर आज मैंने राजस्व सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले व बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह से दूरभाष पर चर्चा की और राहत एवं बचाव कार्य के संबंध में जानकारी ली। राजस्व सचिव ने बताया कि राहत और बचाव कार्य पूरी तत्परता से चल रहे है।

68 से अधिक लोगों को निकाला गया सुरक्षित

सीएम साय ने लिखा- अब तक 68 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। प्रशासन, एसडीआरएफ व पुलिस बल सराहनीय कार्य कर रहे हैं। जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है मैंने प्रशासनिक अधिकारियों और एसडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रहने और आवश्यकता अनुरूप प्रभावितों को सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds