चालकों को डरा कर वाहन से डीजल लूटने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार

कोरबा। राष्ट्रीय राजमार्ग में खड़े भारी वाहनों के चालक व परिचालक को डरा धमका कर टंकी का ताला तोड़ डीजल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह के पांच सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास स्कार्पियों, पाना, राड नुकीलानुमा पाईप तथा घटना में उपयोग एक डुप्लीकेट पिस्टलनुमा बंदूक समेत लगभग 550 लीटर डीजल जब्त किया गया है। मामले में चार आरोपित अभी फरार हैं। गत 24 जनवरी को ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 जेबी 9361 में चांवल लोड कर चालक धनीराम पटेल तथा हेल्फर सिवा कटघोरा से रात 11 बजे रायपुर के लिए रवाना हुए थे।

इस दौरान रात 2.30 बजे ट्रेलर का रस्सी खुल जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग में गोपालपुर घाट ओव्हर ब्रिज के पास वाहन खड़ा कर दिए और चालक व परिचालक दोनों रस्सी बांधने लगे। उसी समय पीछे तरफ से एक बिना नंबर सफेद स्कार्पियों वाहन में बैठकर तीन-चार अज्ञात व्यक्ति आए और चालक व हेल्फर को डरा धमका कर ट्रेलर की डीजल टंकी की लाक को तोडकर जबरदस्ती 250 लीटर डीजल को लूट कर स्कार्पियों वाहन में पाली की ओर भाग गए। चालक द्वारा घटना की जानकारी मालिक श्रीकांत अग्रवाल 34 साल निवासी राईसमिल कारखाना एरिया कटघोरा को दी। इस पर श्रीकांत अग्रवाल ने एक लिखित शिकायत कटघोरा थाना दिया था।

वहीं रिपोर्ट पर पुलिस सहायता केंद्र चैतमा थाना पाली में धारा 392 के तहत अज्ञात आरोपितों के विरूद्ध मामला दर्ज कर पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले के संदेही आरोपित चैतमा क्षेत्र में घूम रहे है। इस पर पुलिस ने चार अलग-अलग टीम तैयार कर घेराबंदी कर संदेही आरोपित नीला राम कुर्रे 40 साल निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर- चांपा को पकड़ पूछताछ किया, तब उसने अपने साथी संजय कुमार कुर्रे, प्रवीणकुमार कुर्रे, संदीप डहरिया, सुक कुमार उर्फ भीम, सुनील कैवर्त तथा अन्य के साथ घटना दिनांक को स्कार्पियों क्रमांक सीजी 12 बीके 5380 में योजना बनाकर एनएच 130 गोपालपुर ओव्हर ब्रिज के पास ट्रेलर के चालक व हेल्फर को डरा धमका कर नकली पिस्टल दिखाकर 250 लीटर लूटना बताया।

साथ ही कहा कि उक्त डीजल को राजा बाबू रत्नाकर तथा अनुज कुर्रे के पास बेच दिया है। इस पर पुलिस ने आरोपित नीला राम के निशानदेही पर ग्राम बगडबरी खिसोरा, करहीडीह, परसाही, बाना, दबिश देकर आरोपित संजय कुर्रे 28 साल निवासी भाठापारा बगडबरी, थाना बलौदा, प्रवीण कुमार कुर्रे 36 साल निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा को पकड़ा। साथ ही तीनों आरोपित के पास से 250 लीटर डीजल, स्कार्पियों समेत अन्य सामान जब्त किया।

दो खरीदार भी शामिल पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि लूट के डीजल खरीदने वाले आरोपी अनुज कुर्रे 18 साल निवासी करहीडीह थाना बलौदा से 35 लीटर वाले 11 डिब्बा में भरा 300 लीटर डीजल, छह ड्रम, दो छोटा ड्रम, 35 लीटर वाले 25 खाली जरीकेन एक टुल्लू पंप, डीजल निकलने में उपयोग दो बाल्टी, तथा राजा बाबू रत्नाकर 25 साल निवासी परसाही बाना से आठ जरिकेन में भरा 250 लीटर डीजल, दो पाइप को जप्त किया गया है। प्रकरण में कुल पांच आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपितों को न्यायिक रिमांड तैयार कर न्यायालय जेएमएफसी पाली में पेश करने पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds