‘पहले हेलो, फिर 28 हजार की मांग’… पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का व्हाट्सएप हैक, ठग ने मांगे पैसे

रायपुर :  कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक होने की खबर सामने आई है. हैकर ने पूर्व विधायक का अकाउंट हैक करके उनके परिचितों और समर्थकों को मैसेज भेजकर यूपीआई के जरिए 28 हजार रुपये भेजने की भी मांग की है. ठग द्वारा भेजे जा रहे मैसेज में पैसे वापस करने का भी वादा किया जा रहा है.

पूर्व विधायक ने दर्ज कराई शिकायत

इस मामले की जानकारी मिलते ही बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने इस मामले में साइबर सेल की मदद से जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, हैकर बृहस्पति सिंह के व्हाट्सऐप नंबर से लोगों को मैसेज भेजकर कह रहा है कि उसे तत्काल पैसों की जरूरत है और उसका UPI काम नहीं कर रहा है.

रात 8 बजे तक रकम लौटाने का भरोसा

हैकर ठग ने लोगों को भरोसा दिया है कि वह रात 8 बजे तक उन्हें पैसे वापस कर देगा. इस मैसेज के बाद क्यूआर कोड भेजकर सीधे पैसे की मांग कर रहा है. हैकर ने परिचितों को सबसे पहले हैलो मैसेज किया. फिर वह आगे लिखता है कि एक हैल्प चाहिए थी. सामने वाले के जवाब देने पर वह अचानक पैसों की जरूरत बताकर 28 हजार रुपए भेजने की मांग करता है.

पूर्व विधायक ने की अपील

इस तरह का मैसेज पाने के बाद कुछ लोगों ने विधायक बृहस्पति सिंह से संपर्क किया. इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हुआ. बृहस्पति सिंह ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए कोई भुगतान न करें. उन्होंने कहा कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और हैकर्स उसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds