CG खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह : विधायक साहू बोले-सुचारू रूप से हो रही है खरीदी, कांग्रेसियों के बहकावे में ना आवें किसान

राजिम। छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से धान खरीदी जारी है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी किये जाने से किसानों में उत्साह देखने को मिल रहा है। लेकिन बीते दो दिनों से गरियाबंद जिले की कुछ खरीदी केंद्रों में शिकायत मिल रही है कि, प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम का टोकन काटा जा रहा है। जिस पर राजिम विधायक रोहित साहू ने कांग्रेस पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि, प्रदेश के सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश भर में सुचारू रूप से धान खरीदी की जा रही है। भाजपा सरकार ने किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की मोदी की गारंटी दी थी और विष्णु सरकार इस गारंटी को पूरा भी कर रही है। समूचे प्रदेश सहित गरियाबंद जिले में भी किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी कर रही है। कहीं भी प्रति एकड़ के पीछे कटौती नहीं की गई है।

कांग्रेस किसानों को कर रही गुमराह 

विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि, सत्ता गवाने के बाद कांग्रेस अब किसानों को गुमराह कर उनसे बदला लेने में जुटी हुई है। किसान विरोधी कांग्रेस गांव- गांव अफवाह फैला रही है। कांग्रेस नही चाहती कि, किसानों के घर की खुशहाली आए और वह उनकी तरक्की पचा नहीं पा रही है। कांग्रेस ने कभी किसानों का भला नहीं चाहा। 60 वर्ष देश की सत्ता में रहे लेकिन किसानो के जीवन स्तर नहीं बदल पाए। किसानों की स्थिति जस की टस रही।

पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में किसानों का स्तर सुधर रहा है  

उन्होंने आगे कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में किसानों के उन्नति और विकास के लिए जलकल्याणकारी योजना चलाई जा रही है। आज देश में किसानों का स्तर सुधरा है। वही राज्य में सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के विकास के लिए संकल्पित हैं। सरकार बनते ही पहले किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस की राशि दी। इसके साथ ही चुनावी वादे को पूरा करते प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही हैं।

किसी के बहकावे में ना आएं किसान 

विधायक रोहित साहू ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि, वे किसी के बहकावे में ना आवें। प्रदेश की विष्णु सरकार अपने वादे के अनुरूप किसानों का धान खरीदी के लिए संकल्पित है। सभी किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल की ही खरीदी होगी और उन्हे प्रति क्विटंल 3100 रूपये के दर से भुगतान किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन को भी निर्देश दिए है कि, प्रत्येक केंद्रों में स्पष्ट सूचना जारी करे और गुमराह करने वाले समिति प्रबंधकों ओर लोगों पर कार्यवाही करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds