आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, धान रोपाई के दौरान हुआ हादसा

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच बिलासपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कोनी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू निवासी धरमदास यादव (65 वर्ष) रविवार सुबह करीब 9 बजे अरपा नदी किनारे स्थित अपने खेत में धान की रोपाई करने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए धरमदास यादव खेत के पास छांव की ओर जाने लगे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों और पुलिस को दी गई सूचना

घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने किसान को खेत में गिरा हुआ देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद कोनी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।

लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित

रविवार दोपहर से देर रात तक बिलासपुर में रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। लगातार वर्षा के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह भी बारिश का सिलसिला जारी रहा और मौसम पूरी तरह खराब बना हुआ है।

आज भी बारिश और वज्रपात की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को भी बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds