Site icon khabriram

गुजरात में फर्जी कोर्ट का भंडाफोड़: नकली अदालत चलाने वाला जज गिरफ्तार

Fake judge Gandhinagar: गुजरात के गांधीनगर में एक व्यक्ति ने खुद को जज बताकर नकली अदालत चलाई और 100 एकड़ सरकारी जमीन पर फर्जी फैसले दिए। आरोपी का नाम मॉरिस सैमुएल बताया गया है। वह पिछले पांच साल से यह फर्जी कोर्ट चला रहा था। मॉरिस सैमुएल ने गांधीनगर में एक फर्जी ट्रिब्यूनल बना रखा था। वह खुद को इसका जज बताता था और अपने कार्यालय में अदालत जैसा माहौल बनाकर विवादित मामलों में फैसले देता था। आश्चर्य की बात यह है कि इस फर्जी अदालत के माध्यम से मॉरिस ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर लिया था।

करोड़ों की सरकारी जमीन पर किया कब्जा
मॉरिस ने फर्जी फैसलों के जरिए करीब 100 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया था। यह जमीन अरबों रुपये की बताई जा रही है। उसने खुद को सरकारी मध्यस्थ बताते हुए कई लोगों से पैसे वसूले और उनके मामलों को सुलझाने का दावा किया। इस धोखाधड़ी का खुलासा अहमदाबाद पुलिस ने किया और आरोपी मॉरिस को गिरफ्तार कर लिया गया।

नकली जज ने बना रखी थी फर्जी अदालत
मॉरिस का घर शहर के इंदिरा नगर हाउसिंग स्कीम में था। उसने वहीं अपने कार्यालय में फर्जी अदालत बना रखी थी। उसके सहयोगी वकील के रूप में खड़े होते थे ताकि कार्यवाही असली लगे। वह उन लोगों को निशाना बनाता था जिनके जमीन के मामले सिविल कोर्ट में लंबित होते थे। वह अपने ग्राहकों से कुछ रकम फीस के रूप में लेता था और खुद को अदालत द्वारा नियुक्त मध्यस्थ बताता था।

Exit mobile version