जंगल के बीच 112 वाहन में हुआ सुरक्षित प्रसव, गर्भवती संगीता ने दिया स्वस्थ शिशु को जन्म

Korba। छत्तीसगढ़ के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत खोटखोर्री गांव में एक गर्भवती महिला ने जंगल के बीच 112 आपात सेवा वाहन में सुरक्षित प्रसव किया। 22 वर्षीय संगीता कुजूर को जब अचानक प्रसव पीड़ा हुई, तो परिजनों ने तत्काल 112 डायल सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही चालक संजय कुमार और आरक्षक राम सिंह श्याम महिला के घर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए रवाना हुए।
प्रसूता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरगा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में पीड़ा तेज हो गई। इस पर मितानिन प्रेमा बाई और परिजनों की मदद से 112 वाहन में ही संगीता का सुरक्षित प्रसव कराया गया। संगीता ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।
बाद में जच्चा और बच्चा दोनों को मोरगा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत स्थिर है। समय पर की गई कार्रवाई और 112 टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग की प्रशंसा की है।