रतन दुबे हत्याकांड में बड़ा मोड़: कांग्रेस नेता शिवानंद नाग को NIA ने रायपुर से किया गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से ठीक तीन दिन पहले भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में अब एक बड़ा खुलासा हुआ है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने नारायणपुर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव शिवानंद नाग को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस हत्याकांड में चार अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
4 नवंबर 2023 को नारायणपुर जिले के कौशलनार गांव में साप्ताहिक बाजार के दौरान चुनाव प्रचार कर रहे भाजपा नेता रतन दुबे पर नक्सलियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। इस निर्मम हत्या का मकसद स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को बाधित करना और क्षेत्र में दहशत फैलाना था।
NIA की जांच और चार्जशीट
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए NIA ने 23 फरवरी 2024 को स्थानीय पुलिस से जांच अपने हाथ में ली थी।
- 5 जून 2024 को धन सिंह कोर्राम के खिलाफ पहली चार्जशीट दाखिल हुई।
- 20 दिसंबर 2024 को प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) के तीन सदस्यों — सैनूराम कोर्राम, लालूराम कोर्राम और एक सशस्त्र माओवादी कैडर — के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई।
अब ताजा घटनाक्रम में NIA की टीम ने कांग्रेस नेता शिवानंद नाग को गिरफ्तार कर जगदलपुर NIA कोर्ट में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
यह गिरफ्तारी राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर रही है और आने वाले दिनों में मामले में और भी नए खुलासे हो सकते हैं।