जशपुर : बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जामपानी सरबकोबो में सामने आई बुजुर्ग की मौत की घटना ने सनसनी फैला दी है। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसा नजर आ रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह कथित रूप से सुनियोजित हत्या का मामला निकला। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाने को लेकर पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद के चलते बुजुर्ग को बोलेरो वाहन से टक्कर मारकर मौत के घाट उतारने और घटना को दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई गई थी।
पोस्टमार्टम में सामने आई सिर में गंभीर चोट
ग्राम जामपानी सरबकोबो निवासी 68 वर्षीय जोयो राम की 29 सितंबर को मौत की सूचना मिलने पर बगीचा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव के पंचनामा के दौरान सिर माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर पर लगी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों समेत अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस को पता चला कि जोयो राम को बोलेरो वाहन से जानबूझकर टक्कर मारे जाने की आशंका है।
जादू-टोने के आरोप को लेकर लंबे समय से चल रही थी रजिश
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि गांव के दीपक यादव, उसके पिता और चाचा की मृतक के परिवार से पिछले दो-तीन वर्षों से रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि वे मृतक की पत्नी पर टोनही होने और जादू-टोना करने का आरोप लगाते थे।
पुलिस के मुताबिक, एक बैगा द्वारा भी परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने के पीछे मृतक की पत्नी के कथित जादू-टोने को वजह बताए जाने की जानकारी सामने आई है। इसी तरह के अधविश्वास और आरोपो को लेकर विवाद बढ़ता गया।
खेत के पास कुचलने की बनाई गई योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दीपक यादव से मिली जानकारी के आधार पर हत्या की पूर्व योजना का खुलासा हुआ। कथित तौर पर दीपक उसके पिता और चाचा ने 29 सितंबर की दोपहर जोयो राम की हत्या करने की योजना बनाई।
उन्हें जानकारी थी कि जोयो राम अपने मक्का खेत की ओर जाता है। इसी का फायदा उठाकर खेत के सामने बोलेरो से उसे टक्कर मारने और पूरी घटना को सड़क दुर्घटना जैसा दिखाने की योजना बनाई गई।
शाम करीब 4 बजे दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो लेकर डाहीडाड़ की ओर गया। पुलिस के मुताबिक, जोयो राम मुख्य सड़क से करीब 5 से 10 मीटर दूर अपने मक्का खेत के सामने मौजूद था। आरोप है कि दीपक ने वाहन को आगे ले जाकर वापस मोड़ा और तेज गति से जोयो राम को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद वाहन लेकर फरार हुआ आरोपी
घटना के बाद आरोपी बोलेरो लेकर बगीचा की ओर निकल गया, ताकि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना जैसा लगे। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने 1 अक्टूबर को दीपक यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ और उसके कथित मेमोरेडम के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 बरामद कर जब्त कर लिया।
मुख्य आरोपी जेल भेजा गया, तीन अन्य की तलाश
मामले में पुलिस ने दीपक यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी जामपानी सरबकोबो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े मृतक के परिवार के तीन अन्य आरोपी अभी फरार है। इनमें दीपक के पिता, चाचा और एक बैगा शामिल है। पुलिस ने इनकी पहचान कर ली है। और उनकी तलाश जारी है। बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 259/2026 के तहत BNS की धारा 103(1), 61(2) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5, 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।