चोरी का विरोध करने पर बुजुर्ग दंपत्ति को उतारा था मौत के घाट, नकली बाल और मास्क लगाकर घुसे थे हत्यारे, 4 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। बुजुर्ग दंपत्ति संतराम साहू और उनकी पत्नी श्यामबाई साहू की हत्या के इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसे थे। पहचान छुपाने के लिए नकली बाल, टोपी और मास्क का इस्तेमाल किया गया था। घटना के दौरान बुजुर्ग संतराम साहू के जाग जाने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर उठी उनकी पत्नी श्यामबाई पर भी आरोपियों ने हमला कर हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से सोने का हार और चांदी के पायल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने साइबर टीम और स्थानीय थाना की संयुक्त कार्रवाई से तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि दंपत्ति घर में अकेले रहते हैं और उनके पास पैसा है। इसी आधार पर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, चोरी के जेवर और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds