Site icon khabriram

एथेनॉल प्लांट में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगे आठ लाख, आरोपी ठग फरार

thagi

कबीरधाम : जिले में प्रदेश के पहले एथेनॉल प्लांट में नौकरी लगवाने का झांसा देकर आठ लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने अपने ही गांव के आठ लोगों को ठगी का शिकार बनाया। उनसे एक-एक लाख रुपये लिए और भाग निकला। प्लांट की ओर से भर्ती का विज्ञापन निकला था। इसी का फायदा शातिर ठग ने उठाया। फिलहाल लोगों ने उसके खिलाफ पांडातराई थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

थाना प्रभारी झुमुक शांडिल्य ने बताया कि आरोपी सतीश (23) चारभाठा का रहने वाला है। उसने अपने ही गांव के लोगों को ग्राम राम्हेपुर स्थित भोरमदेव शक्कर कारखाना के एथेनॉल प्लांट में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। उसने गांव के लोगों से रुपये लिए हैं। आरोपी सतीश के गांव छोड़कर भागने के बाद लोगों को पता चला। उसने अंकित चंद्रवंशी, रूपेश चंद्रवंशी, उत्तम चंद्रवंशी, रामकुमार चंद्रवंशी, ईश्वर यादव, तेजस्वी चंद्रवंशी, बालकिशन चंद्रवंशी, सूरज चंद्रवंशी से ठगी की है।

इस नए प्लांट को लेकर मार्च माह में भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। यह कारखाना पीपीपी मॉडल में बनाया गया है। कारखाने में कर्मचारियों की भर्ती संबंधित कंपनी द्वारा की जा रही है। कारखाना में गन्ना के शिरा से एथेनॉल बनाया जाएगा। इसी वर्ष यह कारखाना बनकर तैयार हुआ है। हालांकि अभी तक कारखाना का उद्घाटन नहीं हुआ है।

Exit mobile version