EID UL Fitr 2025: छत्तीसगढ़ में भी हुआ चांद का दीदार, कल धूमधाम से मनाई जाएगी ईद

EID UL Fitr 2025, रायपुर। राजधानी रायपुर समेत देशभर में 31 मार्च 2025 को ईद-उल-फितर मनाए जाने का ऐलान कर दिया गया है। रविवार शाम मगरिब की नमाज के बाद शव्वाल 1446 हिजरी के चांद की पुष्टि होते ही इस निर्णय की घोषणा की गई। इसके बाद बाजारों में जबरदस्त चहल-पहल देखी जा रही है।
नवरात्र और ईद की एकसाथ धूम, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
संयोग से रविवार को चैत्र नवरात्र का भी शुभारंभ हुआ, जिससे मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोनों त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, ताकि त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाए जा सकें।
कैसे तय होती है ईद की तारीख?
इस्लामी कैलेंडर चंद्रमा के हिसाब से चलता है, इसलिए ईद-उल-फितर की तारीख हर साल बदलती रहती है।
- शव्वाल महीने का पहला दिन रमजान के खत्म होने के बाद ईद के रूप में मनाया जाता है।
- अगर रमजान के 29वें दिन चांद दिख जाता है, तो अगले दिन ईद होती है।
- यदि चांद नहीं दिखता, तो रमजान 30 दिनों का होता है और उसके बाद ईद मनाई जाती है।
- हर देश में चांद दिखने का समय अलग होता है, इसलिए कुछ देशों में ईद अलग दिनों पर भी हो सकती है।
- सऊदी अरब में 29 मार्च को चांद दिखने के बाद वहां 30 मार्च को ईद मनाई गई, जबकि भारत में 30 मार्च की शाम चांद दिखने पर 31 मार्च को ईद मनाने का फैसला हुआ।
बाजारों में उत्साह, ईद की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
ईद के ऐलान के बाद बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है। मिठाइयों, सेवइयों, नए कपड़ों और तोहफों की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। रमजान के पूरे महीने रोजा रखने के बाद लोग इस त्यौहार को हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियों में जुट गए हैं।