भूकंप से तबाह हुए अफगानिस्तान में एक बार फिर कांपी धरती, रिक्टर स्केल पर 6.3 मापी गई तीव्रता

इस्लामाबाद। पश्चिमी अफगानिस्तान में रविवार की सुबह एक बार फिर तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.3 मापी गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में आए तेज भूकंप के झटकों के बाद हजारों लोग मारे गए और पूरे गांव तबाह हो गए हैं।

बढ़ सकता है घायलों का आंकड़ा

तेज भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल गए। हेरात प्रांत में आपातकालीन राहत दल के प्रमुख मोहम्मद जहीर नूरजई ने कहा, “अब तक एक व्यक्ति की मौत और लगभग 150 अन्य के घायल होने की सूचना है।” उन्होंने कहा कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि वे अभी तक सभी प्रभावित क्षेत्रों तक नहीं पहुंचे हैं।

अब तक 4 हजार से अधिक लोगों की मौत

अफगानिस्तान के लोग एक के बाद एक भूकंप के तेज झटके महसूस कर रहे हैं। इसमें अब तक 4 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान में आया भूकंप सीरिया और तुर्की में आए भूकंप से भी कई अधिक भयावह है। संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि एक सप्ताह पहले मारे गए लोगों में 90 प्रतिशत से अधिक महिलाएं और बच्चे थे।

जीवित लोगों से ज्यादा नजर आ रहे बचाव कर्मी

बुधवार को 6.3 तीव्रता के दूसरे भूकंप ने गांवों को तबाह कर दिया, सैकड़ों मिट्टी-ईंट के घर नष्ट हो गए जो इतनी ताकत का सामना नहीं कर सकते थे। स्कूल, स्वास्थ्य क्लीनिक और अन्य ग्रामीण सुविधाएं भी ध्वस्त हो गईं। कई क्षेत्रों में भूकंप ने इस हद तक तबाही मचा दी है कि रेस्क्यू कर्मचारियों की संख्या वहां के जीवित लोगों से ज्यादा लगने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds