CG- 4 की मौत : अंधड़-बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली; चार की मौत सात से ज्यादा झुलसे, कई शहरों में ब्लैक आउट, रायपुर-भिलाई में बौछारें

रायपुर/कवर्धा/मनेन्द्रगढ़/जीपीएम। छत्तीसगढ़ में शनिवार को एक बार फिर से मौसम अचानक बदल गया। हालांकि विभाग ने इसकी चेतावनी पहले ही जारी कर दी थी। रायपुर में शाम होते ही अंधड़ के बाद कई इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के सभी जिलों में अंधड़ चलने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई थी। उधर, मनेंद्रगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं 4 लोगों की मौत और 4 लोग झुलस गए हैं। वहीं तेज आंधी-तूफान की वजह से बेमेतरा में पिछले आधे घंटे से बिजली बंद है। शाम होते होते दुर्ग-भिलाई और रायपुर में बौछारें शुरू हो गई।

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवा की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई है। इस वजह से मौसम पिछले 2 दिनों से ठंडा है। राजधानी रायपुर में गुरुवार रात को बारिश हुई थी।

शनिवार सुबह से प्रदेश भर में धूप खिली हुई है, लेकिन देर शाम तक मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि बस्तर संभाग के कुछ जिलों में और कबीरधाम जिले के आसपास के इलाकों में आज ओले गिरने की आशंका है। जिलों में ओलावृष्टि सावधान रहने की सलाह दी जा रही है। कुछ इलाकों में गाज गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है।

बदलते मौसम के बीच मनेंद्रगढ़ जिले से एक बुरी खबर भी सामने आई है। यहां पर आंधी तूफान के बाद आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के दो युवकों की मौत हो गई है। यह पूरी घटना मनेन्द्रगढ़ जिले के ग्राम पंचायत सोनवर्षा के कछार पारा की है। दोनों युवक महुआ पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। तभी यह हादसा हुआ है। दोनों का नाम आशीष टोप्पो और सियोंन टोप्पो बताया जा रहा है। वहीं आकाशीय बिजली की दूसरी घटना जनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में हुई है। यहां घर बना रहे ग्रामीणों पर गाज गिर गई। इसमें मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं उसका बेटा और भांजा गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आकाशीय बिजली गिरने से एक 13 साल के बच्चे की मौत और 2 लोग झुलस गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds