बच्‍चों की लड़ाई सुलझाने गए सहायक सेनानी पर जानलेवा हमला, गंभीर स्थिति में अस्‍पताल में भर्ती

बिलासपुर : सीएम भूपेश बघेल के जिले में कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी पर आए सहायक सेनानी पर युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल सहायक सेनानी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष के युवक के सिर में भी गंभीर चोटे आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर घटना की सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिरगिट्टी क्षेत्र के बन्नाक चाैक में रहने वाले जगदीश मिश्रा कबीरधाम जिले में सहायक सेनानी के पद पर पदस्थ हैं। गुरुवार से जिले में सीएम भूपेश बघेल का कार्यक्रम है। इसमें सहायक सेनानी की भी ड्यूटी लगी है। शुक्रवार को सीएम भूपेश बघेल बेलतरा क्षेत्र में थे। इसके कारण सहायक सेनानी ने दिनभर बेलतरा क्षेत्र में ड्यूटी की। ड्यूटी के बाद वे अपने घर बन्नाक चौक की ओर जा रहे थे।

दोनों पक्ष के बीच होने लगा विवाद

घर के पास ही कुछ बच्चे मैदान में फुटबाल खेल रहे थे। वहीं, सहायक सेनानी का बेटा वहां पर अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेलने के चला गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के बीच विवाद होने लगा। बच्चों के बीच हो रहे विवाद और मारपीट को देखकर सहायक सेनानी वहां मामले को सुलझाने के लिए चले गए। इसी दौरान वहां पर झगड़ रहे बच्चों के गुट ने सहायक सेनानी पर हमला कर दिया।

हमले में सहायक सेनानी को गंभीर चोटें आई। मारपीट में मोहल्ले में रहने वाले अमित यादव के सिर में भी चोटें आई है।आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को देकर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। यहां प्राथिमक उपचार के बाद घायल सहायक सेनानी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमित को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी ने घटना की शिकायत थाने में नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds