एमपी के देवास में सिलेंडर ब्लास्ट: चार लोगों की दर्दनाक मौत, मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल

देवास : जिले में शनिवार की सुबह सिलेंडर ब्लास्ट के बाद हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। नयापुरा क्षेत्र के एक घर की डेयरी में गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। नीचे भड़की आग और धुआं ऊपर की मंजिल तक पहुंच गया। दूसरी मंजिल पर सो रहे दिनेश कारपेंटर, उनकी पत्नी गायत्री और उनके दो मासूम बच्चों इशिका और चिराग का दम घुट गया। पूरा परिवार इस हादसे में खत्म हो गया।

दिनेश कारपेंटर के परिवार की मौत की खबर सुनकर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पड़ोसियों ने बताया कि यह परिवार बेहद मिलनसार और खुशहाल था। चार लोगों की एक साथ मौत से न केवल परिवार के करीबी, बल्कि पूरा मोहल्ला सदमे में है।

संकड़े रास्ते के वजह से रेस्क्यू में आई दिक्कत
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। नगर निगम दमकल विभाग के अधिकारी अभिनव चंदेल ने बताया कि आग पर काबू पाने में काफी दिक्कत हुई। दूसरी मंजिल तक जाने का रास्ता बेहद संकरा था, जिससे रेस्क्यू टीम वहां तक नहीं पहुंच सकी। इस दौरान परिवार के सभी सदस्य धुएं के कारण बेसुध हो गए और उनकी जान चली गई।

डेयरी में रखा था डेयरी प्रोडक्ट और सिलेंडर
पहली मंजिल पर डेयरी प्रोडक्ट्स का भंडार और कई गैस सिलेंडर रखे हुए थे। सिलेंडर में ब्लास्ट होने के कारण आग तेज हो गई। फायर ब्रिगेड को मौके पर अन्य सिलेंडर भी मिले, जिससे आग बुझाने का काम और मुश्किल हो गया। मलबे और आग के कारण बचाव कार्य में बाधाएं आईं, जिससे परिवार को समय पर नहीं बचाया जा सका।

एसपी पुनीत गेहलोत मौके पर पहुंचे
हादसे की गंभीरता को देखते हुए देवास के एसपी पुनीत गेहलोत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना के कारणों की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। प्राथमिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि डेयरी में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था, जिससे यह हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds