लॉगिन

छत्तीसगढ़ में तूफान अकवान का कहर, आज भी कई इलाकों में होगी झमाझम बारिश, आईएमडी ने दी चेतावनी

Chhattisgarh November 21, 2026 रिपोर्टर: shailesh
छत्तीसगढ़ में तूफान अकवान का कहर, आज भी कई इलाकों में होगी झमाझम बारिश, आईएमडी ने दी चेतावनी

छत्तीसगढ़ में तूफान अकवान का कहर, आज भी कई इलाकों में होगी झमाझम बारिश, आईएमडी ने दी चेतावनी

रायपुर : छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर देखने को मिलने लगा है. बीते दिन कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली. राजधानी में सुबह से ही बारिश दर्ज की गई. वहीं, आज भी मौसम का मिजाज कुछ इसी तरह का रहने वाला है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने क्या कहा ?

मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने और बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले में जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें.

इन जिलों के लिए अलर्ट

बीते दिन मौसम विभाग ने बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग के जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया. इनमें जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव जिले शामिल रहे.

तूफान अकवान बना खतरा

बता दें कि, चक्रवाती तूफान अकवान शुक्रवार सुबह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच गोपालपुर तट से टकराया. इस दौरान, हवा की स्पीड 70 से 90kmph रही. तूफान के असर से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश दर्ज कर रही है. खतरे को देखते हुए आंध्र में आपदा प्रबंधन की टीमें मोर्चे पर लगा दी गई हैं और ओडिशा में दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने की योजना बनाई जा रही है. वहीं तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी समेत दक्षिण के दूसरे राज्यों में भी इसका प्रभाव नजर आने लगा है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds