साइबर ठगों ने बुजर्ग को बनाया निशाना, फर्जी कस्टमर केयर नंबर से की करीब 2 लाख की ठगी

दुर्ग : जिले में साइबर ठगों ने गैस एजेंसी के फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए एक बुजुर्ग से 1.95 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली. मामला नेवई थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि अवधपुरी रिसाली निवासी 65 वर्षीय किशोर कुमार साहू ने गैस सिलेंडर डिलीवर नहीं होने पर सेक्टर-10 स्थित जयदीप गैस एजेंसी का कस्टमर केयर नंबर इंटरनेट पर सर्च किया.
सर्च के दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला, जिसे उन्होंने एजेंसी का आधिकारिक नंबर समझकर कॉल किया. कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैस एजेंसी कर्मचारी बताते हुए मदद का भरोसा दिलाया.आरोपी ने पीड़ित को एक व्हाट्सएप नंबर देकर गैस सेवा एक्टिवेशन के नाम पर 10 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा. भरोसे में आकर बुजुर्ग ने फोन-पे के जरिए रकम भेज दी.
98 हजार रुपए ट्रांसफर
पुलिस के मुताबिक, इसी छोटे ट्रांजेक्शन के जरिए साइबर ठगों ने बैंकिंग एक्सेस हासिल कर लिया. करीब आधे घंटे बाद पीड़ित के एसबीआई खाते से 97 हजार रुपए निकाल लिए गए. इसके बाद 26 मई को यूको बैंक खाते से भी 98 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए. इस तरह कुल 1 लाख 95 हजार रुपए की ठगी हुई. रकम कटने का मैसेज मिलने के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और नेवई थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया.
भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4)
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है.वहीं सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही लें और अनजान लिंक या नंबर पर भुगतान करने से बचें.