अवैध प्रवासियों पर शिकंजा: पुलिस के सर्च अभियान में 49 संदिग्धों की जांच, 3 मकान मालिकों पर कार्रवाई

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने व अपराध की रोकथाम के लिए विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर जशपुर पुलिस के द्वारा अवैध प्रवासियों व संदिग्ध किरायदारों की जांच में होगा। इसके पहले भी जशपुर, कुनकुरी, पोंगरो, बटईकेला व कोतबा में अभियान चला कर दूसरे राज्यों से आकर रहे संदिग्धों की दस्तावेजों की जांच की गई है। किराएदारों की जानकारी नहीं देने वाले मकान मालिकों पर भी वैधानिक कार्यवाही की गई है।

49 बाहरी व्यक्तियों की हुई जांच
इसी क्रम में शनिवार को पुलिस के द्वारा पत्थलगांव टाउन मे, महादेव टिकरा, बिलाई टांगर और शिशु मंदिर के पीछे की बस्ती में 49 बाहरी व्यक्तियों की पहचान कर उनके आधार कार्ड, राशन कार्ड, जैसे अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। दस्तावेजों की सत्यता के संबंध में पुलिस की जांच प्रक्रिया जारी है। इनमें से अधिकांश अप्रवासी पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश व झारखंड से आकर किराएदार के रूप में रह रहे थे। जो कि, फेरी लगाने और ठेका मजदुर के रूप में कार्य करते हैं। पुलिस ने सभी बाहरी व्यक्तियों का फिंगरप्रिंट, लेकर डेटाबेस भी तैयार किया है।

फेक डाक्यूमेंट्स के सहारे किराएदार कर रहे निवास
इस अभियान का उद्देश्य उन बाहरी व्यक्तियों की पहचान करना है जो कि, फर्जी दस्तावेजों के सहारे किराए के मकान में रह रहे हैं, जो कानून व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न किया जा सकता है। पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि, नए किराएदार को मकान देने के पूर्व उनके समस्त जानकारी और पहचान पत्र, पुलिस द्वारा जारी किए गए फार्म में भरकर संबंधित थाने में अवश्य जमा करें। पुलिस के द्वारा किराएदारों का सत्यापन किया जाएगा और कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

इन तीन मकान मालिकों पर हुई कार्यवाही
यदि मकान मालिक किराएदारों की जानकारी संबंधित थाने में जमा नहीं करता है और किराएदार किसी अपराध में सम्मिलित पाया जाता है, तब मकान मालिक के विरुद्ध पुलिस के द्वारा कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने किराएदारों के संबंध में जानकारी थाने में नहीं देने पर, तीन मकान मालिकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है, उनके नाम हैं –

1. हरि पटेल, उम्र 45 वर्ष निवासी महादेव टिकरा, पत्थलगांव।
2. शौकत मौलाना, उम्र 50 वर्ष, निवासी, बिलाई टांगर, पत्थलगांव।
3. कुमार मिस्त्री, उम्र 50 वर्ष, निवासी शिशु मन्दिर के पीछे, पत्थलगांव।

इनकी रही अहम भूमिका
अवैध प्रवासियों और संदिग्ध व्यक्तियों के जांच के दौरान एसडीओपी धुर्वेश कुमार जायसवाल, डीएसपी भावेश समरथ, थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे और थाना पत्थलगांव के पुलिस स्टॉफ की सराहनीय भूमिका रही है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि, मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी जा रही है कि, कोई भी अपने यहां किरायदारों को रखते हैं तो पुलिस थाने में आवश्यक रूप से संपर्क करें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds