कांग्रेस नेता की हत्या की साजिश : सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2 आरोपी सहित 1 नाबालिग पहले ही गिरफ्तार

बिलासपुर। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश के मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि नवीन पटेल ने कांग्रेस नेता की हत्या कराने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है। यह कार्रवाई तारबाहर पुलिस और ACCU ने की है।

मामला 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे का है। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अस्पताल के पास तीन नकाबपोश आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर उन पर हमला कर दिया था। आरोपियों ने डंडे और नुकीली वस्तु से हमला करते हुए उन्हें जान से मारने की कोशिश की थी। हमले में श्याम कश्यप घायल हो गए थे। घटना के बाद तारबाहर थाने में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।

पांच लाख की सुपारी देकर हत्या की थी साजिश

पुलिस की जांच में सामने आया कि श्याम कश्यप की हत्या की साजिश रची गई थी। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को इस मामले में अहम जानकारी मिली। जांच के दौरान सामने आया कि दीपक तिवारी ने श्याम कश्यप की हत्या के लिए आरोपियों को पैसे देने का लालच दिया था। अब पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। इसने ही कांग्रेस नेता की हत्या कराने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारियां

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 BNS के तहत कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस पहले नितिन टेकाम और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हमले से जुड़े आरोपियों तक पहुंच बनाई।

नवीन पटेल की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में हत्या की साजिश, पैसों के लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मामले का जल्द ही पुलिस खुलासा कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds