रायपुर। चार राज्यों में हुए विधान परिषद चुनावों के नतीजों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव में बैलेट पेपर की मांग को लेकर लगातार सवाल उठाने वाली कांग्रेस को अब बैलेट पेपर से हुए चुनाव मे भी करारी हार का सामना करना पड़ा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी। उन्होने खास तौर पर कर्नाटक का जिक्र करते हुए कहा कि वहाँ कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी एक भी सीट हासिल नहीं कर पाई।
चुनावी हार पर किसे ठहराएगी जिम्मेदार?
सीएम श्री साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी नतीजे अपने पक्ष में नहीं आने पर पार्टी अक्सर मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाती रही है। अब जब बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी कांग्रेस को सफलता नहीं मिली, तो उसे यह बताना चाहिए कि इस हार के लिए वह किसे जिम्मेदार ठहराएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी लगातार चुनावी विफलताओं पर आत्ममंथन करना चाहिए और हार का ठीकरा मतदान प्रक्रिया पर फोड़ने के बजाय जनता के बीच अपने प्रदर्शन और भरोसे पर विचार करना चाहिए।
“जनता का विश्वास जरूरी, शोर-शराबा नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव EVM से हो या बैलेट पेपर से जीत का आधार जनता का विश्वास होता है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठे आरोपों और राजनीतिक शोर-शराबे के जरिए चुनावी हार से बचने की कोशिश करने का आरोप लगाया। सीएम श्री साय ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और राजनीतिक दलों को चुनावी परिणामों को स्वीकार करते हुए अपनी कमियों का आकलन करना चाहिए।