लॉगिन

प्रदेश में ठंड का कहर, बारिश से दिन में भी ठिठुरन, रायपुर का तापमान सात डिग्री गिरा

Raipur January 24, 2024 रिपोर्टर: shailesh
प्रदेश में ठंड का कहर, बारिश से दिन में भी ठिठुरन, रायपुर का तापमान सात डिग्री गिरा

प्रदेश में ठंड का कहर, बारिश से दिन में भी ठिठुरन, रायपुर का तापमान सात डिग्री गिरा

रायपुर : छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है और रात के साथ ही दिन में भी ठिठुरन बढ़ गई है। दिन के वक्त भी लोगों को गर्म कपड़ों में देखा जा सकता है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार से तो ठिठुरन और भी ज्यादा बढ़ने वाली है। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

इस वर्ष जनवरी के पहले पखवाड़े में ठंड गायब सी रही और ऐसा लगने लगा था कि ठंड मानों जा चुकी है, लेकिन बीते कुछ दिनों से ठंड वापस लौट आई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम में इस प्रकार का बदलाव बना रहेगा। फरवरी माह में भी इस वर्ष अच्छी ठंड पड़ने की उम्मीद है।

ठंडी हवाओं से अब दिन में भी कंपकंपी

मंगलवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। ठंडी हवाओं के चलने से अब दिन में भी कंपकंपी शुरू हो गई है। आउटर व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी लोगों को गर्म कपड़ों के साथ ही अलाव तापते देखा जा सकता है।

मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। बुधवार को सुबह कोहरा छाने के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है। विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों घना कोहरा भी छाने लगा है। कोहरे का असर हवाई यातायात भी इन दिनों पड़ने लगा है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से ठंडी व शुष्क हवाएं आ रही है,जबकि दक्षिण से नमी युक्त गर्म हवाएं आ रही है। इसके प्रभाव से ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए है और बारिश भी हो रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और रायपुर संभाग, दुर्ग संभाग और बस्तर संभाग में बारिश के आसार है। न्यूनतम तापमान में अब गिरावट संभावित है और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

सालभर बाद सबसे ठंडा दिन रहा मंगलवार

मंगलवार 23 जनवरी को बीते वर्ष 4 जनवरी 2023 के बाद सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2023 में चार जनवरी को रायपुर का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब था और इसने 27 वर्षों का रिकार्ड तोड़ा था।दिन भर बादल छाने के साथ ही ठंडी हवाओं के चलने व हल्की बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है और ठिठुरन बढ़ी है। दिन में बदली व हल्की बारिश के चलते बुधवार को भी अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

प्रदेशभर में अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा

प्रदेश भर में मंगलवार को अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा,यहां का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीतलहर पड़ रही है,हालांकि बाकी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान तो गिरा है,लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds