लॉगिन

सीएम का बड़ा ऐलान : हिंसा में जान गंवाने वाले एएसआई को शहीद का दर्जा, 1 करोड़ की राशि देगी सरकार

Madhya Pradesh March 17, 2025 रिपोर्टर: shailesh
सीएम का बड़ा ऐलान : हिंसा में जान गंवाने वाले एएसआई को शहीद का दर्जा, 1 करोड़ की राशि देगी सरकार

सीएम का बड़ा ऐलान : हिंसा में जान गंवाने वाले एएसआई को शहीद का दर्जा, 1 करोड़ की राशि देगी सरकार

भोपाल : मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में जान गंवाने वाले एएसआई को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह घोषणा की है। सीएम ने परिजनों को 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि देने का और परिवार में किसी एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा, मध्य प्रदेश सरकार हमेशा अपने वीर सपूतों के लिए नतमस्तक है।”

परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देगी सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “कर्तव्य पालन के दौरान मऊगंज के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में अपने प्राणों की आहुति देने वाले एएसआई (25वीं बटालियन) स्व. रामचरण गौतम जी को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। स्व. गौतम जी के परिजनों को 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी एवं पात्र उत्तराधिकारी को शासकीय सेवा में लिया जाएगा।”

ऐसा शुरू हुआ विवाद

दरअसल, शनिवार को मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गड़रा गांव में जमकर हंगामा हुआ। शनि द्विवेदी नाम के युवक को आदिवासी परिवार के लोगों ने बंधक बनाकर जमकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को जब इस बात की जानकारी हुई तो प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंची। जिसके बाद आदिवासियों ने पुलिस बल समेत तहसीलदार पर भी हमला कर दिया, जमकर पत्थर बरसाए और उन्हें भी बंधक बनाकर उनके साथ भी मारपीट की।

एएसआई की मौत, तहसीलदार समेत पांच घायल

इस घटना में एएसआई रामचरण गौतम की मौत हो गई। वहीं तहसीलदार कुवारे लाल पनिका सहित 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दीलहो गया। इलाके में शान्ति के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

रीवा रेंज के आईजी साकेत प्रकाश पांडेय और संभागायुक्त बी एस जामोद भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस घटना में शामिल 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद मृतक सनी द्विवेदी के परिजन आक्रोशित हो गए और शव का अंतिम संस्कार नहीं कर रहे थे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी कर घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। पुलिस के आला अधिकारियों समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद परिजन मान गए।

सतना में अंतिम संस्कार

बता दें कि एएसआई रामचरण गौतम, सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पवैया निवासी थे। आज रविवार को एएसआई का पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम पहुंचा। जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। एएसआई के घर से लेकर अंतिम संस्कार स्थल तक शव यात्रा निकाली गई। जिसमें राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सतना कलेक्टर सतीश कुमार एस, सतना पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता समेत जिले के आला अधिकारी समेत पूरा गांव शामिल हुआ और नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds