मंत्रिमंडल विस्तार पर CM Vishnu Deo Sai का बड़ा बयान, कहा- कभी भी हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार

CM Vishnu Deo Sai, रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बयान ने इस बात को और पुख्ता कर दिया है कि कभी भी मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा हो सकती है। सीएम के बयान के बाद राज्य की सियासत में हलचल और तेज हो गई है, और चर्चाओं का दौर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक फैला हुआ है।
वायरल मैसेज ने बढ़ाई अटकलें
सोमवार को भाजपा के कई सोशल मीडिया ग्रुपों में एक मैसेज तेजी से वायरल हुआ, जिसमें 10 अप्रैल को मंत्रिमंडल विस्तार की बात कही गई है। इस मैसेज में बताया गया है कि तीन नए मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं और साथ ही विधानसभा उपाध्यक्ष की नियुक्ति तथा 16 संसदीय सचिवों की भी ताजपोशी होगी।
तीन नए मंत्रियों के नामों की चर्चा
वायरल मैसेज के मुताबिक जिन तीन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है, वे हैं:
- अमर अग्रवाल: पूर्व मंत्री और लंबे समय तक जीएसटी काउंसिल के सदस्य रहे। आबकारी नीति में बड़े बदलाव करने के लिए जाने जाते हैं।
- गजेंद्र यादव: संघ से जुड़े, यादव समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। ओबीसी वर्ग में यादवों की बड़ी जनसंख्या के चलते उनका नाम लगभग तय माना जा रहा है।
- पुरंदर मिश्रा: हालांकि इनके नाम को लेकर असमंजस बना हुआ है, क्योंकि राजेश मूणत और अजय चंद्राकर भी इस रेस में माने जा रहे हैं।
विधानसभा उपाध्यक्ष बन सकते हैं विक्रम उसेंडी
अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। वह पूर्व वन मंत्री और सांसद रह चुके हैं। सदन की कार्यवाही में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण इस चर्चा को बल मिल रहा है।
16 संसदीय सचिवों की नियुक्ति भी तय
साय सरकार जल्द ही 16 संसदीय सचिव नियुक्त कर सकती है। सोशल मीडिया ग्रुपों में जिन नामों की चर्चा है, उनमें प्रमुख हैं:
- भावना बोहरा
- गोमती साय
- रायमुनि भगत
- चैतराम अटामी
- धर्मजीत सिंह
- योगेश्वर राजू सिन्हा
- मोतीलाल सिन्हा
- डोमनलाल कोर्सेवाड़ा
- दीपेश साहू
- प्रबोध मिंज
- सुशांत शुक्ला
- रोहित साहू
- रिकेश सेन
- नीलकंठ टेकाम
- संपत अग्रवाल या राजेश अग्रवाल
बढ़ सकता है मंत्रिमंडल का आकार
वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने से एक पद रिक्त है, और अब हरियाणा फॉर्मूला लागू होने से एक अतिरिक्त मंत्री पद भी जुड़ सकता है, जिससे कुल संख्या 14 हो जाएगी।
राजनीतिक हलचल तेज
इस पूरे घटनाक्रम के बीच भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश रायपुर पहुंच रहे हैं और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन भी 9 अप्रैल को रायपुर में मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय में इसी दिन एक अहम बैठक प्रस्तावित है।