कोबरा बटालियन के जवानों के निधन पर सीएम साय ने जताया शोक, ट्रक में जा घुसी थी कार

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आज हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बायपास के पास हुआ। इस दुखद दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि आज धमतरी में हुए अत्यंत दुखद सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के हमारे वीर जवानों के असामयिक निधन का समाचार हृदयविदारक है।

राष्ट्रसेवा में समर्पित दिवंगत जवानों को मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायल जवान को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें। इस दुखद घड़ी में हमारी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।

ज्ञात हो कि जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान और कार चालक शामिल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds