उदयपुर में कांग्रेस प्रत्याशी गौरव वल्लभ के लिए सीएम भूपेश ने किया रोड शो, बोले- राजस्थान में फिर बनेगी कांग्रेस की सरकार

रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को राजस्थान के उदयपुर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रोफेसर गौरव वल्लभ के समर्थन में रोड शो में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ की तरह ही राजस्थान में भी फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।

बतौर स्टार प्रचारक राजस्थान पहुंचे बघेल ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि जनता का मूड बता रहा है कि इस बार षड्यंत्रकारी बुरी तरह परास्त हो रहे हैं। राजस्थान में भी पुनः कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में सात नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में 90 सीटों के लिए मतदान हो चुका है। इसके बाद बघेल राजस्थान की चुनावी सियासत में कूद पड़े हैं। इसके बाद वे तेलंगाना भी प्रचार करने के लिए जाने वाले हैं।

राजस्थान में 25 नवंबर को है मतदान

राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होना है। यहां कांग्रेस की जीत के लिए मुख्यमंत्री बघेल भी पूरा जोर लगा रहे हैं। बघेल ने इसके पहले भी हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के चुनाव में बतौर स्टार प्रचारक प्रचार किया था।

Back to top button

This will close in 20 seconds