सूदखोर तोमर ब्रदर्स का मिला सुराग : गिरफ्तार करने यूपी के सुल्तानपुर और दिल्ली जाएगी रायपुर पुलिस की टीम

रायपुर। सूदखोरी की रकम से करोड़ों का साम्राज्य स्थापित करने वाले वीरेंद्र और रोहित तोमर के उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में छिपे होने की खबर है। जल्द ही रायपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सुल्तानपुर रवाना होने वाली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक टीम दिल्ली भी रवाना की जाएगी। उल्लेखनीय है कि, दोनो भाई लगभग पखवाड़ेभर से फरार हैं, उनका मोबाइल भी बंद है। लगातार सर्विलांस में रखे जाने के बावजूद पुलिस दोनो सूदखोर भाइयों को ट्रेक करने में सफल नहीं हो पाई है।

उल्लेखनीय है कि, पुलिस ने इन दोनों भाइयों के करीबियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने तोमर भाइयों के दो करीबियों के दो अलग-अलग ठिकानों पर छापे मारे। इस दौरान दो किलो सोना, 10 किलो चांदी, सौ से ज्यादा प्रापर्टी के पेपर, प्रापर्टी खरीदने का इकरारनाम, बड़ी संख्या में कोरे स्टांप पेपर, जिसमें अलग-अलग लोगों के हस्ताक्षर, बैंक के चेक और पासबुक पुलिस ने जब्त किया है।

सहयोगियों के जरिए कारोबार में लगाए पैसे

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम कोर्ट से सर्च वारंट हासिल कर शाम छह बजे हनुमान वाटिका भाठागांव निवासी ऋषभ सिंह तथा वालफोर्ट सिटी निवासी रवीन्द्र सिंह के घर पहुंची। पुलिस को इन दोनों के बारे में जानकारी मिली थी कि, वीरेंद्र और रोहित ने अपने दोनों सहयोगियों की मदद से अलग-अलग कारोबार में करोड़ों रुपए निवेश किए हैं।

छापे की कार्रवाई तड़के छह बजे तक चली

रवींद्र तथा ऋषभ के निवास पर छापे की कार्रवाई दूसरे दिन बुधवार को तड़के छह बजे तक जारी रही। दोनों के निवास से पुलिस दो बड़े बैग में दस्तावेज जब्त कर निकली है। दस्तावेजों की पड़ताल करने के बाद पुलिस ऋषभ तथा रवींद्र के खिलाफ भी अपराध दर्ज कर कार्रवाई कर सकती है। दस्तावेजों की पड़ताल करने के बाद पुलिस ऋषभ तथा रवींद्र को पूछताछ के लिए तलब करने की बात कह रही है।

अन्य करीबियों के यहां छापे की कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक पुलिस रोहित तथा वीरेंद्र तोमर के करीबियों की सूची तैयार कर उनके पूर्व तथा वर्तमान स्टेटस की जानकारी जुटा रही है। जिन लोगों के खिलाफ तोमर भाइयों की पाप की कमाई खपाने की आशंका होगी, पुलिस उन लोगों के ठिकानों पर छापे की कार्रवाई करेगी। इसके अलावा पुलिस इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि तोमर भाइयों ने अपनी काली कमाई रायपुर के अलावा राज्य के बाहर किसी अन्य शहर में तो निवेश नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds