चाकूबाजी से दहला शहर : घर में घुसकर रेता गला, बर्थडे मना रहे दो युवकों पर जानलेवा हमला

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दो दिनों के भीतर शहर में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। इन हमलों में कुल तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
थर्ड जेंडर का चाकू से रेता गला
भिलाई नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-6, ए-मार्केट के पास रहने वाली थर्ड जेंडर ‘रानी’ पर अज्ञात युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर पहले तकिए से रानी का मुंह दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। वहीं जब उसने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उसके गले पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घायल हालत में रानी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बर्थडे मना रहे युवकों पर जानलेवा हमला
चाकूबाजी की दूसरी वारदात वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है। इंदिरा गांधी कॉलेज के पास अटल आवास में बृजलाल मौर्य नामक युवक का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी के दौरान वहां मौजूद बृजलाल मौर्य और राजू विश्वनाथ पर तीन अज्ञात युवकों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक लहूलुहान हो गए। वारदात के बाद चीख-पुकार मचने पर आरोपी वहां से भाग निकले। घायलों को तुरंत सुपेला सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इन दोनों मामलों में भिलाई नगर और वैशाली नगर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और अज्ञात आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। शहर में लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।