लॉगिन

छत्तीसगढ़ की नन्हीं जलपरी ने रचा इतिहास, तनुश्री ने लगातार 5 घंटे तैरकर वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया अपना नाम

Chhattisgarh October 8, 2023 रिपोर्टर: Javed Akhtar

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के खेल गांव पुरई के फ्लोटिंग विंग्स स्विमिंग एकेडमी की नन्ही तैराक तनुश्री कोसरे ने तैराकी के क्षेत्र में वर्ल्ड रिकार्ड बनाया है. इस उपलब्धी को हासिल करने के लिए नन्ही जलपरी तनुश्री प्रतिदिन 7 से 8 घंटे गांव के ही तालाब में तैरकर कोच ओम कुमार ओझा, ईश्वर ओझा, निशा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी. आखिरकार आज तनुश्री की मेहनत रंग लाई और उसने वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

गौरतलब है कि महज 9 साल की तैराक तनुश्री ने वो कारनामा कर दिखाया है जिसे करने में बड़े-बड़ों के पसीनें छूट जाते हैं, तनुश्री ने लगातार 5 घंटे तक पानी में तैरने का गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया हैं. तनुश्री के तैराकी के इस जुनून और जज्बे को देखने के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम के साथ ही दुर्ग-भिलाई और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या लोग पहुंचे थे. तनुश्री सुबह 11 बजे तालाब में उतरी और 4 बजे तक लगातार 5 घंटे तक तैरती रहीं और वर्ल्ड रिकॉर्ड बना कर ही तालाब से बाहर निकली. तनुश्री ने इस कारनामें को कर छत्तीसगढ़ समेत पूरे भारत का नाम विश्व में रौशन किया हैं.

दुनिया में ऐसा करने वाली पहली बच्ची बनी तनुश्री
गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम के सदस्य आलोक कुमार ने बताया कि आप गूगल करके भी देख सकते हैं की पूरी दुनिया में किसी ने भी 9 साल की उम्र में लगातार 5 घंटे तैरने का रिकॉर्ड नहीं बनाया है जो रिकॉर्ड आज इस गांव की नन्ही जलपरी तनुश्री ने बनाया है.

तनुश्री की निगाहें अब इस रिकॉर्ड पर
महज 9 साल की तैराक तनुश्री ने लगातार 5 घंटों तक तैर कर गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया हैं. इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद अब तनुश्री 12 घंटे तक लगातार तैरने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करना चाहती हैं. इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद तनुश्री ने अपने कोच और अपने माता-पिता को इसका क्रेडिट देते हुए उनका धन्यवाद किया हैं.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds