छत्तीसगढ़ में तीन दिन और सताएगी लू, फिर बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में सोमवार से भीषण गर्मी (नौतपा) की शुरुआत हो चुकी है, जिसके कारण प्रदेश का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है. वहीं बुधवार को अचानक रायपुर में मौसम का मिजाज बदला और नौतपा के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश हुई.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. विभाग ने संकेत दिए हैं कि 29 मई के बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है और प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
हीटवेव के बीच आंधी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. हालांकि 29 मई से मौसम बदलने के संकेत हैं. प्रदेशभर में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन हल्की गिरावट की प्रवृत्ति दर्ज की गई। कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रही.
रायपुर में आज भी हीटवेव का अलर्ट
राजधानी रायपुर में 28 मई को हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है. शहर का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है.