नौतपे में तपा छत्तीसगढ़, राजनांदगांव 45.5 डिग्री पर उबला, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

रायपुर : छत्तीसगढ़ में नौतपे की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक राजनांदगांव रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं रायपुर एयरपोर्ट में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में लू चलने और तेज गर्म हवाओं की चेतावनी जारी की है.

कई जिलों में दिखा लू का असर

वहीं पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा. कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिला. मौसम विभाग के अनुसार तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ, लेकिन गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. दक्षिण बिहार और आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण का असर प्रदेश के मौसम पर देखा जा रहा है.

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के कई जिलों में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है. रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के आसपास रह सकता है. वहीं कुछ इलाकों में गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक छत्तीसगढ़ में तापमान में कोई बड़ी गिरावट होने की संभावना नहीं है. मध्य छत्तीसगढ़ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव जारी रह सकती है. 26 से 28 मई तक कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds