cg news: धान घोटाला : 770 बोरियों में भर दिया मिट्टी, भूसी और रेत

बिलासपुर। cg news: सेवा सहकारी समिति मल्हार में 2 करोड़ की धान की गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां के प्रबंधक एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटर ने मिलकर साढ़े 7 हजार क्विंटल धान गायब कर दिया। यही नहीं 770 के करीब बोरियों में भूसी और रेती डाल दिया है, जिससे की बोरियां धान से भरी लग सकें। शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। खाद्य निरीक्षक मस्तुरी के जांच प्रतिवेदन में शिकायत सही पाई गई। कलेक्टर अवनीश शरण ने मामले में उप पंजीयक सहकारी समिति बिलासपुर को धान खरीदी प्रभारी संतू कुमार यादव एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर देवेन्द्र बंजारे के खिलाफ एफआईआर कराने कहा है।
मल्हार समिति में बड़ा घोटाला सामने आया है। लगातार शिकायत मिल रही थी कि इस समिति के प्रबंधक और आपरेटर मिलकर किसानों द्वारा बेचे गए धान को बाजार में अधिक दामों पर बेच रहे हैं। कलेक्टर अवनीश शरण ने जांच के लिए खाद्य, सहकारिता, विपणन एवं बैंक शाखा मल्हार की संयुक्त जांच दल बनाई। जांच टीम ने धान उपार्जन केन्द्र मल्हार पहुंचकर 13 फरवरी 2025 को जांच की। जांच में पाया गया कि मल्हार के प्रबंधक एवं डाटा एण्ट्री ऑपरेटर ने मिलकर पूरी गड़बड़ी को अंजाम दिया है।
18 हजार 759 बोरी धान गायब
cg news: संयुक्त जांच टीम जब मौके पर पहुंची तो किसानों द्वारा बेचे गाए धान का भौतिक सत्यापन किया गया है। इसके लिए स्टाक मिलान किया गया। अधिकारियों के मुताबिक मल्हार केन्द्र में 23 हजार 256 बोरी धान होनी चाहिए था, लेकिन मौके पर 5267 बोरी धान ही पाया गया। जबकि 18 हजार 759 बोरी धान गायब था। इसमें भी धान उपार्जन केन्द्र मल्हार में प्राप्त 5267 धान की बोरियों में से 4497 बोरी में मानक मतलब कि किसानों द्वारा बेचा गया सही धान था। इसके अलावा 600 बोरी धान में भूसी और रेती भर दिया गया था तो 170 बोरी में धान व भूसी भरना पाया गया।