लॉगिन

CG – GOOD NEWS : राजधानी में होगा IND-AUS T20 मैच, BCCI ने लगाई मुहर

Sports November 17, 2023 रिपोर्टर: Javed Akhtar
CG – GOOD NEWS : राजधानी में होगा IND-AUS T20 मैच, BCCI ने लगाई मुहर

CG – GOOD NEWS : राजधानी में होगा IND-AUS T20 मैच, BCCI ने लगाई मुहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ वासियों के लिए एक अच्छी खबर है. खबर ये है कि अब उन्हें अपने शहर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium) में एक और इंटरनेशनल मैच देखने को मिलेगा. बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की सार्थक पहल पर ये संभव हो गया है और यहां IND-AUS T20 मैच होने को लेकर बीसीसीआई ने आधिकारिक पुष्टि भी कर दी है. बता दें कि T20 का ये मैच भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच 1 दिसंबर को खेला जाएगा. ये मुकाबला पहले नागपुर में होने वाला था. छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सचिव मुकुल तिवारी ने बताया कि 1 दिसंबर को नागपुर में होने वाला मैच अब रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा. इसको लेकर हमने तैयारी शुरू कर दी है.

वहीं इसी सीरिज का एक मैच जो हैदराबाद में खेला जाने वाला था वह अब बेंगलुरु में होगा, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि हो गई है. यह सीरिज 23 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच भारत में होगी. इंटरनेशनल मैच की बात करें तो इससे पहले इस ग्राउंड में इंडिया-न्यूजीलैंड का टी-20 मैच हो चुका है.

बेंगलुरु में होगा पांचवां टी20 मैच
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवां और अंतिम टी20 मैच हैदराबाद में खेला जाना था. हालांकि, हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) के एक पदाधिकारी ने पुष्टि की है कि तेलंगाना सरकार विधानसभा चुनाव की मतगणना के चलते उस दिन मैच के लिए सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम नहीं है. जिसके बाद इस मैच को बेंगलुरु में कराया जाएगा. बता दें कि इस मैच के लिए कटक भी दावेदारी में था, लेकिन कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) पसंदीदा विकल्प हो सकता है.

भारत का तीसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है
नरेन्द्र मोदी स्टेडियम, गुजरात (1.10 लाख) और ईडन गार्डन, कोलकाता (68 हजार) के बाद भारत का तीसरा बड़ा क्रिकेट स्टेडियम नवा रायपुर अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है. इसे भारत के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियमों में से एक माना जाता है, जिसमें खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. इस स्टेडियम में 65,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds