CG : जेवर चमकाने का झांसा देकर 25 लाख की ठगी, कटिहार गैंग के आधा दर्जन गिरफ्तार

रायपुर। सोने-चांदी के जेवर चमकाने का झांसा देकर रायपुर और भिलाई की दो बुजुर्ग महिलाओं से 25 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने बिहार कटिहार के आधा दर्जन शातिरों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने खमतराई में बुजुर्ग महिला के साथ सात लाख रुपए की ठगी की थी। पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह ने बताया कि ठगी के आरोप में अमरदीप शाह, मुकेश भगत, शिकेंद्र शाह, विपिन कुमार, शम्भू शाह, अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। शातिर शनिवार सुबह 11 बजे खमतराई, संतोषी नगर निवासी 66 वर्षीय महिला पी. सरोजिनी के मकान के अंदर जबरन दाखिल हुए।
घर के बाहर महिला का पति बैठा हुआ था। बावजूद इसके शातिरों ने घर के अंदर दाखिल होने उनकी अनुमति नहीं ली। मकान के अंदर दाखिल होने के बाद शातिर दरवाजा खटखटाने के बाद घर के बाहर पड़ी चारपाई पर बैठ गए। महिला के घर के अंदर से निकलने के बाद शातिरों ने उन्हें कहा कि वे घर की टाइल्स चमकाने के साथ कांसा, पीतल तथा तांबे का बर्तन चमकाने का काम करते हैं। बातचीत के दौरान शातिर एक तांबे का लोटा साफ कर महिला को दे दिया। गिरफ्तार आरोपी में शंभू शाह पूर्व में उत्तरप्रदेश में ठगी, चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।
गुजरात से आने की बात कहकर जेवर पर ज्वलनशील पावडर डाला
ठगी करने पहुंचे शातिरों ने महिला को गुजरात से आने के झांसा देते हुए कहा कि, वे बर्तन साफ करने के साथ ही सोने-चांदी के जेवर साफ करते हैं। तांबे का लोटा साफ करने के बाद शातिरों ने महिला से उनके पहने जेवर साफ करने देने की मांग करने लगे। महिला ने जेवर देने से इंकार किया तो जालसाजों ने महिला के पहने हुए गहनों पर लाल रंग का ज्वलनशील पावडर डाल दिया। हाथ तथा गले में जलन होने पर शातिरों ने कहा कि जेवर जल्दी उतारकर दे दो, नहीं तो गला तथा हाथ जल जाएगा।
घटना के चंद घंटे के भीतर दबोचे गए
ठगी के आरोप में पुलिस ने जिन शातिरों को गिरफ्तार किया है। उन्हीं शातिरों ने घटना के दो दिन पूर्व सुपेला में महिला के साथ ठगी की घटना को अंजाम दिया था। खमतराई में घटना के बाद पुलिस ने शातिरों की पतासाजी करते हुए वहां दबिश दी, जिस होटल में शातिर रुके थे। पुलिस को होटल में संदिग्धों के होने के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़कर पूछताछ की तो बदमाशों ने अपना अपराध स्वीकार किया।
असली की जगह थमा दिए नकली जेवर
जलन होने पर महिला ने अपने गहने उतारकर जालसाजों के सुपुर्द किए। इस दौरान जालसाजों ने एक पत्थर पानी से भरे कटोरी में डाल दिया। इसके बाद एक प्लास्टिक की झिल्ली, जिसमें सफेद रंग का पावडर था, गहने उसमें डालकर स्टेपल लगाकर महिला के दे दिए और कहा कि कुछ देर के बाद प्लास्टिक को खोलना। थोड़ी देर बाद महिला ने प्लास्टिक की झिल्ली को खोलकर देखा तो उसमें प्लास्टिक के कंगन मिले।