CG : विष्णुदेव साय की कैबिनेट विस्तार का फॉर्मूला तैयार, इन पांच में से दो विधायक बनेंगे मंत्री!…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की कैबिनेट का विस्तार जल्द हो सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद 15 जुलाई तक राज्य में कैबिनेट विस्तार किया जा सकता है। विष्णुदेव साय की कैबिनेट में अभी दो विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। छत्तीसगढ़ का मानसून सत्र 22 जुलाई से शुरू हो रहा है। मानसून सत्र से पहले सीएम साय अपने कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। सीनियर नेता बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद से ही राज्य में कैबिनेट विस्तार को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।

सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में 15 जुलाई तक 2 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि जल्द ही कैबिनेट विस्तार को लेकर सीएम दिल्ली का दौरा करेंगे। यहां पांच प्रमुख नामों में से किन्ही दो को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। मंत्रिमंडल के विस्तार में जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण का भी ध्यान रखा जाएगा।

कौन से पांच नाम हैं दावेदार
विष्णुदेव साय की कैबिनेट में राजेश मूणत, अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, भावना बोहरा और गजेंद्र यादव में से किसी दो विधायकों को शामिल किए जाने की चर्चा है। वहीँ यदि पुराने मंत्री हटाए जाते हैं तो फिर बस्तर को भी और प्रतिनिधित्व मिलना तय माना जा रहा हैं। बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद माना जा रहा है कि रायपुर से एक नया मंत्री बनाया जा सकता है। ऐसे में सीनियर नेता राजेश मूणत का नाम सबसे आगे हैं। राजेश मूणत रमन सिंह की भी कैबिनेट में मंत्री रह चुके हैं।

कैबिनेट विस्तार का फॉर्म्यूला तैयार
सूत्रों का कहना है कि शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व ने कैबिनेट विस्तार के लिए फॉर्मूला तैयार कर लिया है। बीजेपी अपने एक एक सीनियर और एक जूनियर विधायक को कैबिनेट मंत्री बना सकती है। रविवार को सीएम विष्णुदेव साय और भूपेश बघेल एक मंच पर दिखाई दिए थे। इस दौरान भूपेश बघेल ने भी सीएम से कहा था कि संसदीय कार्यमंत्री बना दीजिए क्योंकि सदन का सत्र शुरू होने वाला है। ऐसे में हम लोगों की बातचीत होती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button