लॉगिन

CG : सभी 71 विधायकों को दोबारा मिले टिकट, मोहन मरकाम बोले- हाईकमान के आदेश का करूंगा पालन

Chhattisgarh April 30, 2023 रिपोर्टर: Javed Akhtar
CG : सभी 71 विधायकों को दोबारा मिले टिकट, मोहन मरकाम बोले- हाईकमान के आदेश का करूंगा पालन

CG : सभी 71 विधायकों को दोबारा मिले टिकट, मोहन मरकाम बोले- हाईकमान के आदेश का करूंगा पालन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने मिडिया से चर्चा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही मरकाम ने प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने और आगामी विधानसभा में टिकट वितरण को लेकर भी खुलकर बात की। पीसीसी चीफ ने कहा कि, टिकट देने का अधिकार हाईकमान को होता है। हाईकमान सर्वे कराता है, उसी के आधार पर टिकट फाइनल होता है। संगठन के माध्यम से हम समय-समय पर विधायकों का रिपोर्ट मंगाते रहते हैं। लेकिन संगठन के मुखिया होने के नाते उनकी मंशा है जो 71 विधायक जीत कर आए हैं। सभी 71 के 71 विधायक फिर से चुनाव लड़ें।

आगे उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के सवाल पर कहा कि, हम मीडिया के माध्यम से लगातार ये सुन रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष बदलने का अधिकार हाईकमान को है। हाईकमान का जो भी निर्देश, आदेश आएगा, प्रदेश अध्यक्ष उसका अक्षरश: पालन करेगा। हाईकमान का निर्णय उनके लिए शिरोधार्य होगा। 4 साल पहले तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बागडोर मुझे सौंपी थी। उसी दिन से मैने तय किया, मेरे मन में प्रदेश अध्यक्ष की भावना नहीं है। मेरे मन में कार्यकर्ता की भावना है। मुझे पार्टी ने काम करने का अवसर दिया है। मैने उस अवसर का भरपूर उपयोग किया है। अभी तक जितने भी उपचुनाव, नगरीय निकाय चुनाव हुए हम जीत हासिल करने में सफल हुए हैं। सत्ता और संगठन में तालमेल के साथ सरकार की उपलब्धियों को जन- जन तक पहुंचाने का हमने काम किया है।

आगे पीसीसी चीफ ने भाजपा और पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, जब जब भाजपा विपक्ष में जाती है, धार्मिक, सामाजिक ध्रुवीकरण धर्म के नाम पर करने और बांटने का प्रयास किया जाता है। भारतीय जनता पार्टी का हिडन एजेंडा है फूट डालो और राज करो। लेकिन छत्तीसगढ़ में भाजपा का हिडन एजेंडा नहीं चलेगा। छत्तीसगढ़ शांत प्रदेश है यहां के लोग भाईचारे के साथ रहते हैं। छत्तीसगढ़ में विकास के पैमाने पर हम चुनाव लड़ेंगे। 2023 में हमारी सरकार ने जो काम किए हैं उन उपलब्धियों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। हमें उम्मीद है जनता का जनादेश कांग्रेस प्रत्याशियों को मिलेगा।

पीसीसी चीफ ने नक्सलवाद को लेकर कहा कि, जब जब चुनाव नजदीक आते हैं, नक्सली डराने धमकाने का काम करते हैं। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार शांति सुरक्षा विश्वास और विकास के झंडे पर चल रही है। भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में जहां स्कूल बंद थे वहां आज स्कूल संचालित है। भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में 3 हज़ार स्कूलों को बंद किया गया था, हमारी सरकार ने उन स्कूलों को चालू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में 17 जिलों में नक्सल गतिविधियां संचालित थी, जो अभी कम होकर सात आठ जिलों में सिमट गई है। यह हमारी सरकार की बड़ी उपलब्धि है। हमारी सरकार में विश्वास जो जनता के प्रति है वह चुनाव में भी बरकरार रहेगा।

मोहन मरकाम ने पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि, डॉ रमन 15 साल सरकार के मुखिया रहे। उनके कार्यकाल में बलात्कार, लूटपाट, हत्या, डकैती के 50 हज़ार से अधिक प्रकरण दर्ज हुए थे। विधानसभा में इसका उत्तर आया था। हमारी सरकार में जो भी गलतियां करता है उसके ऊपर कार्यवाही की जाती है।

 

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds