CG बॉयफ्रेंड के बाद गर्लफ्रेंड ने भी फांसी लगाकर दी जान : कमरे में लटका मिला शव; यूपीएससी की कर रही थी तैयारी

दुर्ग : जिले के बम्लेश्वरी कॉलोनी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 29 साल की एक युवती ने सोमवार को किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती मूलत: बालोद जिले की रहने वाली थी। वह दुर्ग में किराये के मकान में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी।

पद्मनाभपुर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि युवती के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया। उसने कोई सुसाइडल नोट नहीं छोड़ा है। फिलहाल उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं, युवती का मोबाइल जब्त किया गया है। बताया जा रहा है कि दानिटोला में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक छात्रा उसी की गर्लफ्रेंड थी।

शादी से पहले युवक ने लगाई फांसी

बालोद जिले में दूल्हा बनने वाले युवक कोमल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पिछले महीने सगाई हुई थी। घर में शादी का कार्ड बांटने का काम चल रहा था। पांच साल की भतीजी ने उसे मुखाग्नि दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दानिटोला निवासी कोमल सिंह रावटे (30) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह 8 से 9 बजे के बीच अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसकी भंवरमला की बेटी के साथ शादी तय हुई थी। 20, 21 और 22 अप्रैल को शादी होनी थी।

खेत गए थे पिता

पुलिस के अनुसार, कोमल के पिता तिलक रावटे सोमवार सुबह 8 बजे खेत गए थे। कोमल अपने कमरे में था। अंदर से कोई आवाज न आने पर कोमल की मां को कुछ अजीब लगा। खिड़की से झांका, तो बेटा फंदे से झूलता मिला। मां की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मोबाइल दुकान में करता था काम

ग्रामीणों के अनुसार, कोमल बालोद के कर्मा कॉम्पलेक्स के लक्की मोबाइल दुकान में काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। युवक ने भी किसी तरह का कोई सुसाइल नोट नहीं छोड़ा है। ऐसी चर्चा है कि दुर्ग और बालोद में आत्महत्या करने वाले युवती और युवक का आपस में प्रेम प्रसंग था। फिलहाल पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds