आपरेशन सिंदूर की सफलता पर जश्न : राजधानी में तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा, सीएम-मंत्रियो के साथ अनेक संगठन भी होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर देशभक्ति के रंग में रंगने जा रही है। ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता और भारत की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति को सम्मान देने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा बुधवार की शाम 4 बजे मरीन ड्राइव से आरंभ होकर जयस्तंभ चौक पर समाप्त होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, चैंबर ऑफ कॉमर्स, सामाजिक संगठन, विभिन्न धर्मों के प्रमुख और आम नागरिक इस यात्रा में शामिल होंगे। भाजपा इस यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई को जन-जन तक पहुंचाना चाहती है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव का कांग्रेस पर तीखा वार
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, ऑपरेशन सिंदूर ने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी हद तक जा सकता है। आतंकी हमले के बाद सेना ने बड़ा ऑपरेशन चलाया और 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया। यह पाकिस्तान की घुटनों पर आने की स्थिति है। साव ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, जिस पार्टी ने देश को तोड़ा वह भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही थी, और जो संविधान को तार-तार करती रही वह आज संविधान बचाओ यात्रा की बात कर रही है। जनता अब कांग्रेस से टूर हो चुकी है। कांग्रेस क्या दिखाना चाहती है, यह तो वही समझ सकती है।
डीजीएम्ओ और प्रधानमंत्री स्वयं देश को स्पष्ट कर चुके हैं – उपमुख्यमंत्री साव
कांग्रेस ने जहां आतंकी हमले के दोषियों को लेकर सवाल खड़े किए, वहीं उपमुख्यमंत्री ने जवाब में कहा कि, डीजीएम्ओ और प्रधानमंत्री स्वयं देश को स्पष्ट कर चुके हैं कि यह भारत की बड़ी जीत है। सीजफायर भी पाकिस्तान के आग्रह पर हुआ है। उसके बाद भी किसी को समझ नहीं आता तो दुर्भाग्य की बात है।